भुवनेश्वर। ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार गौ-तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर उत्तर और पश्चिम ओडिशा में पुलिस ने ऐसे गौ-तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उत्तर ओडिशा के मयूरभंज जिले में पुलिस ने गौ-तस्करी में शामिल 6 पिकअप वैन को जब्त किया है, जिनसे 48 गोवंशों को छुड़ाया गया है। इसी तरह छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित बरगढ़ जिले में पुलिस ने एक पिकअप वैन को जब्त कर उसमें से 11 गोवंशों को बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इन गोवंशों को बेहद दयनीय स्थिति में ले जाया जा रहा था।
मयूरभंज में 48 गौवंश बरामद, 5 गिरफ्तार
मयूरभंज जिले के ठाकुरमुंडा ब्लॉक के महुलडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक विशेष सूचना पर कार्रवाई की। महुलडीहा-भालियाडाल–पुरुणापाणी मार्ग के पास गौ-तस्करी की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण कुमार टुडू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। मौके पर 6 पिकअप वैन को रोका गया, जिनमें कुल 48 बैल ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। सभी वाहन पुलिस थाने लाए गए और उनमें सवार 5 ड्राइवरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक वाहन चालक फरार हो गया है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किया जा रहा है।
थाना में मामला संख्या 103/25 के तहत केस दर्ज किया गया है। जब्त वाहनों में ओडी11एवाय-5158, ओडी11एई-2710, ओडी01ए-3913, ओडी34डी-3008, ओडी01एवी-1714 और ओडी11एएएफ-5041 शामिल हैं।

गोवंश की तस्करी के संबंध में सूचना मिलने पर करंजिया विधानसभा क्षेत्र से स्थानीय विधायक पद्मचरण हाइबुरू स्वयं थाने पहुंचे और गौवंशों की हालत देखकर पुलिस अधिकारियों को उनके स्वास्थ्य परीक्षण और चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पशुचिकित्सकों ने सभी मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और बाद में उन्हें नजदीकी गोशाला में भेजा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र से नियमित रूप से गौवंशों की तस्करी कर पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन इस पर सख्ती नहीं दिखा पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कठोर कानून और हाईकोर्ट के निर्देशों के बावजूद प्रशासन की लापरवाही से गौ-तस्करी का नेटवर्क सक्रिय बना हुआ है।
बड़गड़ में छत्तीसगढ़ भेजे जा रहे 11 गौवंश बरामद, 6 गिरफ्तार
पश्चिम ओडिशा के बड़गड़ जिले में अंबाभोना पुलिस ने भी गौ-तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम किया है। अंबाभोना थाना प्रभारी बिपिन बाग के नेतृत्व में पुलिस ने सीमावर्ती कपासिरा गांव के पास से छत्तीसगढ़ की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन को रोका। वाहन में 11 गौवंश ठूंसे हुए थे। पुलिस ने मौके से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया और वाहन को जब्त कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने पिकअप (OD17AA-5076), दो मोटरसाइकिलें — एक होंडा शाइन SP 125 और दूसरी होंडा शाइन 100 DX, तीन मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, एक तिरपाल, 2700 रुपये नकद और चार प्लास्टिक की रस्सियां भी बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
लगातार बढ़ रही गौ-तस्करी पर चिंता
ओडिशा में बार-बार हो रही गौ-तस्करी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस और प्रशासन सीमा क्षेत्रों पर चौकसी बढ़ाए और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे ताकि इस गैरकानूनी कारोबार पर रोक लगाई जा सके।
















