भुवनेश्वर: ओडिशा में गौ तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले 48 घंटों के भीतर जाजपुर और केंदुझर जिलों में दो घटनाएं सामने आई हैं। जाजपुर जिले में स्थानीय लोगों ने गौ तस्करों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि केंदुझर जिले में पुलिस ने बड़ा अभियान चलाकर गायों को मुक्त कराया। इन दोनों घटनाओं में र 113 से अधिक गौवंश को मुक्त कराया है। जाजपुर में इस दौरान स्थानीय लोगों की नाराजगी भी देखने को मिली, जिन्होंने अमानवीय तरीके से हो रही गौवंश तस्करी का विरोध किया और तस्करों की पिटाई तक कर दी।
जाजपुर जिले में 70 से अधिक गौवंश मुक्त, तीन लोग हिरासत में
जाजपुर के पाणिकोइली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को गौवंश से भरे एक कंटेनर (HR 45 B 9994) को जब्त किया। यह कंटेनर संबलपुर से कोलकाता जा रहा था। पुलिस ने कंटेनर से 70 से अधिक गौवंश को छुड़ाया और उनमें से 14 गायों को छतिया गौशाला भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर को इलाके से निकालने के लिए आगे दो लोग बाइक पर जा रहे थे। पुलिस जांच की आशंका होने पर कंटेनर चालक ने मुख्य मार्ग छोड़ सर्विस रोड का सहारा लिया। लेकिन स्थानीय लोगों ने सूचना पाकर पाणिकोइली चौक के पास कंटेनर को रोक दिया। जब लोगों ने कंटेनर खोला, तो उसमें गौवंश को ठूस-ठूसकर भरा गया था। यह दृश्य देखकर भीड़ आक्रोशित हो उठी और चालक, हेल्पर तथा कंटेनर के अंदर बैठे एक व्यक्ति को खींचकर बाहर निकालकर बुरी तरह पीटा। इस बीच बाइक सवार दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बाद में पाणिकोइली थाना प्रभारी रंजीत कुमार महान्ती मौके पर पहुँचे और भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने कंटेनर को पाणिकोइली कॉलेज मैदान ले जाकर गौवंशओं को बाहर निकाला। कुछ गौवंश स्थानीय लोग अपने साथ ले गए, जबकि बाकी को पुलिस ने गौशाला भिजवाया। घायल अवस्था में पकड़े गए तीनों व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोरेई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
केन्दुझर जिले में पुलिस का बड़ा अभियान, 43 गौवंश और चार वाहन जब्त
इसके एक दिन पहले, केन्दुझर जिले के घटगाँव थाना क्षेत्र के सांतारापुर गाँव में भी पुलिस ने गौवंश तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की। अतिरिक्त एसपी पीयूष महापात्र के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने देर रात छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने चार गाड़ियों – दो पिकअप वैन और दो मिनी ट्रक – को जब्त किया, जिनमें 43 गौवंश भरे हुए थे। साथ ही तीन मोटरसाइकिल भी ज़ब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और सभी गौवंश को निकटवर्ती गौशाला भेज दिया। अभियान में घटगाँव थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सामल, एसआई प्रशांत बेहेरा, ढेंकिकोट चौकी प्रभारी त्रिनाथ नायक और एक प्लाटून पुलिस बल शामिल थे।
लगातार चुनौती बनी गौवंश तस्करी
ओडिशा में गौवंश तस्करी लंबे समय से गंभीर समस्या बनी हुई है। तस्कर अमानवीय तरीकों से गौवंशओं को ठूस-ठूसकर ट्रक और कंटेनरों में भरकर बंगाल सहित विभिन्न राज्यों को भेजते हैं। पुलिस की लगातार छापेमारी और स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद यह काला कारोबार जारी है।

















