उधम सिंह नगर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने बताया कि कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने एक महिला को ब्लैकमेल कर यौन उत्पीड़न करने तथा अपनी पहचान छिपाकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।
महिला ने दी तहरीर, पहचान छिपाकर किया गया धोखा
उन्होंने बताया कि कोतवाली रुद्रपुर में एक महिला द्वारा तहरीर दी गई कि लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी पहचान एक व्यक्ति आहद ठाकुर नाम से हुई थी, जो स्वयं को हिन्दू बताता था। कुछ समय पश्चात उक्त व्यक्ति ने उसकी रिकॉर्डिंग को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
धमकी देकर होटल बुलाया और किया दुष्कर्म
महिला ने बताया कि आरोपी ने धमकी और दबाव देकर उसे रुद्रपुर स्थित एक होटल में बुलाया, जहाँ उसने जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान महिला को ज्ञात हुआ कि आरोपी का वास्तविक नाम आहद खान पुत्र तसलीम खान निवासी किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर है, जो अपनी मुस्लिम पहचान छिपाकर हिन्दू नाम से धोखाधड़ी कर रहा था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर महोदय के आदेश पर तत्काल कार्रवाई की गई। मामले में FIR संख्या 497/2025 अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (कपटपूर्ण साधनों का उपयोग कर यौन संबंध बनाना, जिसमें पहचान छिपाना शामिल है) तथा धारा 318(4) (छल कर बेईमानी से लाभ प्राप्त करना — जैसे पहचान पत्र में नाम परिवर्तन कर धोखा देना) में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
अभियुक्त की गिरफ्तारी
कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर काशीपुर रोड स्थित गल्ला मंडी के पास से आरोपी आहद खान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में अभियुक्त आहद खान पुत्र तसलीम खान निवासी किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर ने स्वीकार किया कि उसने महिला को धोखे में रखकर होटल में बुलाया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने आधार कार्ड में नाम धोखाधड़ी से हिन्दू नाम “आहद ठाकुर” में बदल लिया था ताकि पहचान छिपाई जा सके और होटल में प्रवेश में किसी प्रकार की रोकटोक न हो।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
अभियुक्त को उसके अपराधों धारा 69/318(4) BNS से अवगत कराते हुए विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

















