कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) यानी Employee Provident Fund नौकरीपेशा लोगों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण बचत योजना है। यह एक ऐसा फंड है जो आपकी सैलरी से हर महीने थोड़ा-थोड़ा पैसा जोड़कर आपके भविष्य के लिए सुरक्षित रखता है। जब आप नौकरी करते हैं, तो आपकी सैलरी का कुछ हिस्सा हर महीने EPF में जमा किया जाता है। यही राशि समय के साथ बढ़ती जाती है और रिटायरमेंट या नौकरी बदलने पर यह रकम आपके काम आती है।
EPF में पैसा कैसे जमा होता है- EPF में हर महीने कर्मचारी और नियोक्ता (कंपनी) दोनों का योगदान होता है। आपकी बेसिक सैलरी और डीए का 12-12 प्रतिशत हिस्सा EPF में जमा किया जाता है। 12% कर्मचारी का हिस्सा सीधे आपके EPF खाते में जाता है। नियोक्ता (Employer) का 12% हिस्सा दो भागों में बंटता है- कुछ हिस्सा EPF में और कुछ हिस्सा EPS में जाता है। इस तरह हर महीने आपके भविष्य के लिए एक अच्छी-खासी राशि जमा होती रहती है।
EPF बैलेंस जानना क्यों जरूरी है- आपको यह पता चलता है कि अब तक आपने और आपके नियोक्ता ने कितना योगदान किया है। आप यह देख सकते हैं कि आपके फंड पर कितना ब्याज मिला है। नौकरी बदलने या PF ट्रांसफर के समय यह जानकारी बहुत काम आती है। इससे आपकी वित्तीय योजना बेहतर बनती है। EPF बैलेंस जानने के कई तरीके हैं। आप वेबसाइट, मोबाइल ऐप, SMS या मिस्ड कॉल के जरिए आसानी से बैलेंस चेक कर सकते हैं। नीचे सभी तरीके सरल भाषा में समझाए गए हैं।
EPFO की वेबसाइट से बैलेंस चेक करें- सबसे पहले EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं- https://www.epfindia.gov.in होम पेज पर ‘Our Services’ सेक्शन में जाएं। अब ‘For Employees’ पर क्लिक करें। फिर ‘Member Passbook’ का विकल्प चुनें। अब लॉगिन पेज खुलेगा। यहां अपना UAN नंबर और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद आपकी PF पासबुक दिखाई देगी, जिसमें जमा राशि, ब्याज और कुल बैलेंस की जानकारी होगी। ध्यान रखें आपका UAN एक्टिव होना चाहिए, तभी आप लॉगिन कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें- EPFO ने लॉन्च किया नया नंबर, एक मिस्ड कॉल से मिलेगी PF से जुड़ी पूरी जानकारी
SMS से बैलेंस पता करें- अगर आप ऑनलाइन नहीं जाना चाहते, तो SMS से भी PF बैलेंस देख सकते हैं। बस अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर नीचे दिए गए फॉर्मेट में मैसेज भेजें- EPFOHO UAN ENG। यहां “ENG” का मतलब अंग्रेजी भाषा है। अगर आप हिंदी में जानकारी चाहते हैं, तो “ENG” की जगह “HIN” लिखें। आपको तुरंत EPF बैलेंस और अन्य जानकारी वाला SMS मिल जाएगा। आप चाहें तो सिर्फ एक मिस्ड कॉल देकर भी अपने PF बैलेंस की जानकारी पा सकते हैं। इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल दें। कुछ सेकंड बाद आपको एक SMS मिलेगा जिसमें आपके PF खाते का बैलेंस लिखा होगा। ध्यान दें इस सुविधा के लिए आपका मोबाइल नंबर आपके UAN से जुड़ा होना जरूरी है।
UMANG ऐप से बैलेंस देखें- EPF की जानकारी अब मोबाइल ऐप पर भी आसानी से मिल सकती है। अपने फोन में UMANG ऐप डाउनलोड करें। ऐप खोलकर ‘EPFO’ सेक्शन में जाएं। यहां अपना UAN नंबर और मोबाइल नंबर डालें। आपके मोबाइल पर OTP आएगा, उसे डालकर लॉगिन करें। अब आप अपनी पासबुक, बैलेंस और अन्य डिटेल्स देख सकते हैं। UMANG ऐप से न सिर्फ बैलेंस, बल्कि क्लेम की स्थिति और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री भी देखी जा सकती है। अगर आपने अब तक UAN नंबर एक्टिवेट नहीं किया है या आपके पास UAN नहीं है, तो चिंता की बात नहीं। आप अपने ऑफिस के HR या अकाउंट्स डिपार्टमेंट से संपर्क करें। नियोक्ताओं के पास EPFO पोर्टल की एक्सेस होती है, इसलिए वे आपके PF स्टेटमेंट की कॉपी निकालकर दे सकते हैं। इसके अलावा, आप EPFO वेबसाइट पर जाकर “Know your UAN” विकल्प से भी अपना UAN पता कर सकते हैं।

















