ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। ये स्टार्मर का पीएम बनने के बाद भारत का पहला दौरा है। दोनों नेताओं ने बातचीत के बाद एक संयुक्त बयान जारी किया। मोदी जी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन प्राकृतिक साझेदार हैं, और ये रिश्ता दुनिया की स्थिरता के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने व्यापार समझौते के फायदों पर भी जोर दिया और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की बात की।
भारत-यूके के रिश्ते और मजबूत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने स्टार्मर से मिलने के बाद कहा कि स्टार्मर के नेतृत्व में भारत-ब्रिटेन के रिश्ते में जबरदस्त प्रगति हुई है। जुलाई में जब मैं यूके गया था, तो हमने ऐतिहासिक व्यापार समझौता (सीईटीए) साइन किया था। संयुक्त बयान में मोदी जी ने बताया कि ये समझौता दोनों देशों के बीच आयात की लागत कम करेगा, नौजवानों के लिए नई नौकरियां पैदा करेगा, व्यापार बढ़ाएगा और हमारी इंडस्ट्री व उपभोक्ताओं को फायदा पहुंचाएगा। स्टार्मर का ये दौरा, समझौते के महज कुछ महीनों बाद, और सबसे बड़े बिजनेस डेलिगेशन के साथ आना, भारत-यूके पार्टनरशिप में नई जोश की निशानी है।
मोदी जी ने बताई स्टार्मर से क्या-क्या बात हुई?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और यूके के बीच लोकतंत्र, आजादी और कानून के राज जैसे मूल्यों पर आपसी भरोसा हमारी रिश्तों की बुनियाद है। आज की दुनिया में जहां अस्थिरता का दौर चल रहा है, ये बढ़ता पार्टनरशिप ग्लोबल स्थिरता और आर्थिक तरक्की की मजबूत नींव बनेगी। मुलाकात में हमने इंडो-पैसिफिक, वेस्ट एशिया और यूक्रेन संघर्ष पर शांति व स्थिरता की चर्चा की। यूक्रेन और गाजा मुद्दों पर भारत संवाद व कूटनीति से शांति की हर कोशिश का समर्थन करता है। इंडो-पैसिफिक में हम समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
ब्रिटेन की 9 यूनिवर्सिटी भारत में खोलेंगी कैंपस
प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने ऐलान किया है कि यूके के 9 विश्वविद्यालय भारत में अपने कैंपस खोलेगी। ब्रिटेन की साउथैम्प्टन यूनिवर्सिटी पहले ही गुरुग्राम में अपने कैंपस खोल चुकी है। कीर स्टार्मर ने कहते हैं कि भारत और ब्रिटेन नवाचार में आगे हैं। इसलिए हमने अपनी तकनीक और सुरक्षा पहल के जरिए इसे और अधिक गहरा किया है।

















