नई दिल्ली: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक मजेदार किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अप्रैल में बिना किसी पूर्व निर्धारित योजना के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात करना चाहते थे। उस समय भारत में सुबह के छह बज रहे थे। ट्रंप ने कहा कि मोदी मेरे ही जैसे हैं, वो अभी जाग रहे होंगे।
ट्रंप ने कहा- मोदी अभी जाग रहे होंगे…
सर्जियो गोर ने यह किस्सा यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम लीडरशिप समिट के दौरान सुनाया। उन्होंने कहा कि इस साल अप्रैल में फ्लोरिडा के मियामी में यूएफसी 327 इवेंट चल रहा था। उसमें डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल थे। इस दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर बात करने की सोची। जब सर्जियो गोर ने उन्हें बताया कि भारत में इस समय सुबह के छह बज रहे हैं तो ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी जाग रहे होंगे क्योंकि वो उनकी तरह हैं, उन्हें नींद नहीं आती। गोरे ने आगे कहा कि हालांकि उस समय पीएम मोदी और ट्रंप की बात नहीं हो सकी क्योंकि ट्रंप को फौरन बाद मंच पर जाना था। ऐसे में पीएम मोदी से फोन करना अगले दिन के लिए टाल दिया गया।
मोदी-ट्रंप की दोस्ती है खास
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की दोस्ती को खास बताया। उन्होंने कहा कि ये बात बताने का मकसद ये है कि जब आप किसी के दोस्त होते हैं तो हर चीज शेड्यूल के मुताबिक नहीं होती। ट्रंप, मोदी को अपना दोस्त मानते हैं और शायद ऐसा रिश्ता ट्रंप का दुनिया के अन्य नेताओं के साथ नहीं है। ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही मोदी और ट्रंप के बीच अच्छे संबंध रहे हैं। भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौता अपने अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इस पर बातचीत संपन्न हो सकती है।
















