भारत-पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिये अवैध नशीले पदार्थों की बढ़ती तस्करी को पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा और युवाओं के लिए एक गंभीर चिंता का विषय माना है। अदालत ने इस मामले को बेहद संवेदनशील बताते हुए एनडीपीएस अधिनियम के तहत आरोपी को अग्रिम जमानत देने से इन्कार कर दिया है।
पठानकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
एनडीपीएस अधिनियम के तहत पठानकोट में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि एक अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि प्रतिबंधित पदार्थों की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भेजी गई थी। इस खेप के लिए रॉबर्ट मसीह नामक व्यक्ति पैसे देता था, जो इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।
जस्टिस रूपिंदरजीत चहल की कड़ी टिप्पणी
जस्टिस रूपिंदरजीत चहल ने कहा कि इन दिनों ड्रोन के जरिये सीमा पार से अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में लगातार वृद्धि हो रही है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान याचिकाकर्ता को भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया है और उसके खिलाफ कई अन्य मामले भी लंबित हैं। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच के लिए याचिकाकर्ता से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है।
याचिकाकर्ता की दलील और अदालत की प्रतिक्रिया
याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि उसे सह-आरोपी हरजीत सिंह उर्फ जीता द्वारा किए गए खुलासे के आधार पर ही आरोपी बनाया गया है और मसीह से कोई बरामदगी नहीं की जानी है। हालांकि न्यायालय ने इस दलील को अस्वीकार करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता पर गंभीर आरोप हैं और अब तक की जांच में उसके पाकिस्तान से मादक पदार्थों की आपूर्ति शृंखला का मास्टरमाइंड होने के संकेत मिले हैं।
ड्रोन से हेरोइन की तस्करी में शामिल गिरोह
अब तक की जांच के अनुसार याचिकाकर्ता मादक पदार्थों के एक ऐसे गिरोह का सदस्य पाया गया है जो ड्रोन का उपयोग करके पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी करता था। यह गिरोह पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय है और युवाओं को नशे के जाल में फंसा रहा है। अदालत ने कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।
बठिंडा में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत
दूसरी ओर, बठिंडा जिले के सिंगो गांव में एक युवक की ओवरडोज के कारण मौत की खबर सामने आई है। मृतक युवक कुछ समय पहले ही दुबई से लौटा था। इस मामले में थाना तलवंडी साबो की पुलिस ने मृतक के भाई हरमनदीप सिंह के बयानों पर मेडिकल स्टोर के मालिक समेत तीन दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
रणदीप सिंह की मौत से गांव में सनसनी
मृतक युवक की पहचान सिंगो निवासी रणदीप सिंह (20) के रूप में हुई है। रणदीप सिंह कल से लापता था और आज उसका शव खेतों से बरामद हुआ। तलवंडी साबो थाने के एसएचओ यादविंदर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी गुरविंदर सिंह, सोहन सिद्धू और अमरीक सिंह ने उनके बेटे को गाँव के ही एक मेडिकल स्टोर के मालिक शिवराज सिंह से कोई नशीली दवा लाकर ओवरडोज़ में दे दी।
पुलिस ने चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने रणदीप को नशीली दवा देने के बाद उसकी मौत हो जाने पर शव को खेतों में फेंक दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना पंजाब में नशे की भयावह स्थिति को उजागर करती है, जहां हर दिन नए मामले सामने आ रहे हैं।

















