अमृतसर। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर 9 अवैध पिस्तौल और 6.311 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज यहां दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अरमानदीप सिंह (20) और तीरथ सिंह (20), दोनों निवासी गांव शेखमंगा, सुल्तानपुर लोधी, कपूरथला; शमशेर सिंह उर्फ शेरा (21), निवासी गांव हेतमपुरा, अमृतसर (देहात); कमलेश रानी (65), निवासी इंदिरा कॉलोनी, अमृतसर और एक नाबालिग के रूप में हुई है।
तुर्की की पिस्तौल मिली
बरामद पिस्तौलों में तीन .30 बोर जिगाना और एक 9 एमएम जिगाना (तुर्की निर्मित), तीन .30 बोर (चीन निर्मित) पिस्तौल, एक 9 एमएम ग्लॉक (ऑस्ट्रिया निर्मित) तथा एक 9 एमएम बेरेटा (इटली निर्मित) शामिल हैं। नशीले पदार्थ और पिस्तौल बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी के लिए इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
विदेशी हैंडलरों से संपर्क
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके इशारे पर गैर-कानूनी हथियारों तथा नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त कर आगे सप्लाई कर रहे थे। इस मामले में आरोपियों के संबंधों का पता लगाया जा रहा है।
इस तरह पकड़े गए आरोपी
पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अरमानदीप सिंह और तीरथ सिंह को गिरफ्तार किया तथा जांच के दौरान उनके कब्जे से छह गैर-कानूनी पिस्तौल बरामद किए गए।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीमों ने 6.090 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी के संबंध में एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान एक अन्य आरोपी कमलेश रानी को 211 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। जांच से पता चला कि दोनों आरोपी कथित तौर पर नाबालिग के चचेरे भाई के निर्देशों पर काम कर रहे थे। कमलेश रानी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है। सीपी हरमनबीर गिल ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने शमशेर उर्फ शेरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन गैर-कानूनी पिस्तौल बरामद किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि जांच आगे बढऩे के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
















