केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पटना से दिल्ली की हवाई यात्रा अविस्मरणीय रही, क्योंकि फ्लाइट के सह-कैप्टन बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सारण (पहले छपरा) से सांसद राजीव प्रताप रूडी थे। शनिवार (4 अक्टूबर) शाम को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को यह बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि जिस फ्लाइट से वह पटना से दिल्ली जा रहे हैं उसे उनके मित्र राजीव प्रताप रूडी उड़ा रहे हैं। उन्होंने बेहद रोचक अंदाज में सरल भाषा के साथ यात्रा से जुड़ी जानकारी देने के लिए अपने मित्र का आभार व्यक्त किया और दोनों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा— राजीव जी, आज आपने दिल जीत लिया। आज पटना से दिल्ली की हवाई यात्रा मेरे लिए अविस्मरणीय रही, क्योंकि इस फ्लाइट के सह-कैप्टन थे मेरे प्रिय मित्र, वरिष्ठ राजनेता और छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी जी। आज आपने यात्रियों को जिस रोचक अंदाज में सरल भाषा के साथ यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा की, उसने पूरी यात्रा के दौरान हम सबको यात्रा से जोड़े रखा।
इस तरह की शुरुआत
उन्होंने लिखा, “राजीव जी आपने कैसे शुरुआत की, आज पटना के चारों ओर बादलों ने डेरा जमाए रखा है, कल से लगातार बारिश हो रही है। बादलों के बीच और हल्की बारिश के साथ हम दिल्ली की यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं। रास्ते में हम बनारस के ऊपर से गुजरेंगे। फिर बाईं ओर प्रयागराज और दाईं ओर लखनऊ दिखाई देंगे। गंगा जी और यमुना जी के दर्शन करते हुए हम दिल्ली का सफर पूरा करेंगे और उतरते समय बादल न रहे तो नोएडा की हाई राइज बिल्डिंग्स की रोशनी भी देखने मिलेगी।”
यह अनुभव अद्भुत और अभूतपूर्व रहा
शिवराज सिंह चौहान ने यह भी लिखा कि आप यात्रा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी बता रहे थे, आपका यह अंदाज बहुत निराला लगा। अंत में जब आपने सुखद और सफल यात्रा के लिए यात्रियों से ताली बजाने का अनुरोध किया, उसमें अलग ही आत्मीयता देखने को मिली। सचमुच, यह अनुभव अद्भुत और अभूतपूर्व रहा। ऐसे लोग विरले ही होते हैं, जो इतनी व्यस्तताओं के बीच भी अपने हुनर के लिए समय निकालते हैं। जमीन से जुड़े रहना इसी को कहते हैं। पोस्ट के अंत में बीजेपी के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने यादगार यात्रा के लिए राजीव प्रताप रूडी के प्रति आभार जताया।
पायलट हैं राजीव प्रताप रूडी
राजीव प्रताप रूडी बीजेपी सांसद के साथ पायलट भी हैं। वे समय-समय पर विमान में नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर रूडी के कई वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनमें वह विमान उड़ाते नजर आते हैं।

















