भुवनेश्वर। ओडिशा के कटक शहर में शुक्रवार देर रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दरगाह (दरघा) बाजार इलाके में पथराव किया गया । पथराव में कटक के पुलिस उपायुक्त (DCP) ऋषिकेश खिलारी समेत 15 लोग घायल हो गए। घायलों में प्रतिमा विसर्जन में शामिल भक्त भी शामिल हैं ।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम से ही विसर्जन जुलूस चल रहा था। झांझिरीमंगला भागवत पूजा समिति का विसर्जन जुलूस रात लगभग 1:30 बजे दरघा बाजार के निकट हाथी पोखरी इलाके से गुजर रहा था। श्रीराम व देवी दुर्गा को लेकर संगीत बजाया जा रहा था । इसे लेकर देवी दुर्गा के विसर्जन में शामिल लोगों पर पथराव किया गया। पत्थरों के साथ साथ उन पर कांच की बोतलें भी फेंकी गई। पथराव के कारण पास से गुजर रही एक और पूजा समिति – राउसापटना दुर्गा काली मेढ का जुलूस भी प्रभावित हुआ।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इसी बीच मौके पर मौजूद कटक के डीसीपी ऋषिकेश खिलारी की आंख में चोट लग गई, जबकि ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
घटना के बाद दुर्गा माता विसर्जन में शामिल भक्तों व स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी पुलिस बंदोबस्त के बावजूद हिंसा को रोका नहीं जा सका।
हालांकि, पुलिस ने देर रात हालात पर काबू पा लिया और एहतियातन विसर्जन गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया । शनिवार सुबह अतिरिक्त बलों की तैनाती के बाद विसर्जन प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच पुनः शुरू हुई। डीसीपी खिलारी ने कहा, “स्थिति अब नियंत्रण में है। अतिरिक्त पुलिस बल संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।”
पथराव की पहले से थी तैयारी
एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि विसर्जन जुलूस के दौरान संगीत बजाये जाने के कारण यह पथराव किया गया । ऐसा लगता है कि पहले से ही इसकी तैयारी की गई होगी । पहले से ही पत्थर व कांच के बोतले इकट्ठा कर रखा गया था और अचानक हमला किया गया । जुलूस में शामिल लोग कुछ समझ पाते, तब तक हमला शुरु हो चुका था । इसलिए इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए । केवल हमला करने वालों पर ही नहीं बल्कि पूरी तैयारी से हमला करवाने वाले मास्टर माइंड को भी जेल मे डाला जाना चाहिए ।
विसर्जन में शामिल लोगों पर ही हुई है पत्थरबाजी, छह गिरफ्तार
कमिश्नरेट पुलिस ने इस झड़प मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कटक – भुवनेश्वर के पुलिस कमिश्नर सुरेश देवदत्त सिंह ने बताया कि दरगाह बाजार इलाके में विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे गाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद पथराव की घटना हुई। उन्होंने कहा कि हमने तुरंत कार्रवाई की है। घटना में शामिल छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है ।
पत्थरबाजों की पहचान आसानी से होगी
सिंह ने बताया कि घटना रात 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच हुई। चूंकि इलाके में पर्याप्त संख्या में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, इसलिए पत्थरबाजों की पहचान आसानी से हो गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कमिशनर ने यह भी स्पष्ट किया कि पत्थरबाजी एक ही पक्ष से की गई थी, जबकि पीड़ितों ने इसका कोई प्रतिकार नहीं किया।
कमिश्नर ने आश्वस्त किया कि आने वाले दिनों में शेष दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के दौरान सख्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाएगी ताकि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रहे।
उन्होंने कहा कि स्थिति अब सामान्य है। पिछले साल की तरह इस साल भी सभी प्रतिमाओं का विसर्जन तय समय पर हुआ। बीती रात भारी बारिश के कारण कुछ समय के लिए जुलूस रुका रहा, लेकिन अब सभी गतिविधियां शांतिपूर्वक पूरी कराई जा रही हैं ।

















