वाराणसी में मंदिर में हनुमान चालीसा बजाने को लेकर नया प्रकरण सामने आया है। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मदनपुरा इलाके में प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा बजाने से रोकने के आरोप में पुजारी संजय की तहरीर पर शुक्रवार को दो लोगों अब्दुल नासिर और उसके बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुजारी की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
पुजारी संजय ने बताया कि गुरुवार को मंदिर में पूजा के दौरान वे मोबाइल से छोटे स्पीकर पर हनुमान चालीसा बजा रहे थे। तभी अब्दुल नासिर आया और उसे बंद करने या आवाज धीमी करने को कहा। इसके बाद उसका बेटा आया और तुरंत हनुमान चालीसा बंद करने के लिए कहा। बात आगे न बढ़े इसलिए उन्होंने बंद कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मदनपुरा निवासी अब्दुल नासिर और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।














