प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल में बंद अतीक के बेटे अली अहमद को बुधवार को झांसी जेल में शिफ्ट कर दिया गया। मंगलवार की देर रात शासन ने जेल से शिफ्ट करने के आदेश जारी किए थे। बुधवार को दिन में 2:30 बजे एक इंस्पेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर और 10 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में अली को झांसी जेल ले जाया गया। झांसी पहुंचने के बाद अली ने कहा कि “अब जो होना था हो चुका है। मुख्यमंत्री जी से आग्रह है कि हम लोगों को और न सताया जाए।”
गुंडा टैक्स व जानलेवा हमले का मामला
उल्लेखनीय है कि अतीक अहमद और अली समेत 13 अभियुक्तों के खिलाफ वर्ष 2022 में पांच करोड़ रुपए गुंडा टैक्स मांगने का आरोप लगाया गया था। इसके साथ ही यह भी आरोप है कि गुंडा टैक्स न देने पर घर पर चढ़कर जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में साबिर हुसैन ने प्रयागराज के थाना धूमनगंज में एफआईआर दर्ज कराई थी।
उमेश पाल हत्याकांड में जेल से साजिश
बता दें कि प्रयागराज जनपद के धूमनगंज थाना अंतर्गत राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की 24 फरवरी 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी सुरक्षा में दो सिपाहियों की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की विवेचना में पाया गया कि जेल के अंदर हत्या का षड्यंत्र रचा गया था।
जेल में अशरफ और अली की मुलाकात
हत्या के अभियुक्त बरेली जेल में अशरफ से जाकर के मिले थे और उन लोगों की मुलाकात नैनी सेंट्रल जेल में अली से भी हुई थी। इन लोगों ने मिलकर जेल के अंदर से उमेश पाल की हत्या की साजिश रची थी।
अली पर शिकायतें और जेल में मिली रकम
जब से अली प्रयागराज के सेंट्रल जेल में बंद था, तमाम प्रकार की शिकायतें संज्ञान में आ रही थीं। एक बार जेल में निरीक्षण के दौरान उसकी बैरक से 1100 रुपये मिले थे। उसके बाद उसको तन्हाई में भेज दिया गया था। अभी हाल ही में कुछ इस प्रकार की शिकायत प्राप्त हुई थी कि अधिवक्ताओं के नाम पर कुछ लोग उससे मुलाकात कर रहे हैं। शिकायत संज्ञान में आने के बाद उसको झांसी जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।

















