India vs Pakistan: एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट हरा दिया। ऑपरेशन सिंदूर की तरह भारत के माथे पर विजय का तिलक लगा। भारतीय गेंदबाजों ने जहां पाकिस्तान की टीम की कमर तोड़ी वहीं, मध्यक्रम में बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की हवा निकाल दी। शुरुआती बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बाद तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने पारी संभाली। दोनों पचास रन से ज्यादा की पार्टनरशिप कर भारतीय टीम को जीत की दहलीज तक ले गए।
फाइनल मैच में अभिषेक शर्मा पांच रन पर आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल 12 रन, कप्तान सूर्य कुमार यादव 1 रन बनाकर आउट हुए। बीस रन पर भारत के तीन विकेट गिर चुके थे। संजू सैमसन 21 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उससे पहले उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भयभीत करके रखा। संजू के आउट होने के बाद शिवम दुबे क्रीज पर आए और उन्होंने भी तिलक वर्मा का पूरा साथ दिया। शिवम ने 22 गेंदों में 33 रन बनाए। तिलक ने बेहतरीन पारी खेलते हुए अर्धशतक बनाया और भारतीय टीम के माथे पर विजय का तिलक लगा दिया। तिलक वर्मा ने 53 गेंदों में शानदार 69 रन बनाए। उन्होंने 4 छक्के और तीन चौके जड़े।
पाकिस्तान को घुटनों पर लाए भारतीय गेंदबाज
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने तेज शुरुआत की। लग रहा था कि साहिबजादा फरहान और फकर जमान 100 रन से ज्यादा की पार्टनरशिप करेंगे, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेरा। वरुण ने फरहान को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तान की टीम को घुटनों पर ला दिया। पाकिस्तान के खिलाड़ी पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाए। पूरी टीम 19.1 ओवर में 146 रन बनाकर आउट हो गई। जसप्रीत बुमराह ने 25 रन देकर दो विकेट, वरुण ने 30 रन देकर दो विकेट, अक्षर पटेल ने 26 रन देकर 2 विकेट और कुलदीप यादव ने 30 रन देकर चार विकेट हासिल किए।
फाइनल में भारत ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी चुनी
भारतीय टीम ने फाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच खेला गया। हार्दिक पांड्या चोट के कारण बाहर हो गए। उनकी जगह रिंकू सिंह को मौका दिया गया। भारतीय टीम ने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के पहले भी दो बार इस टूर्नामेंट में पटखनी दे चुकी थी।
भारत में 20 दिन पहले मनी दिवाली
पाकिस्तान के हारने के साथ ही भारत में खूब पटाखे छूटे। विजयादशमी 2 अक्टूबर को है और दिवाली 20 अक्टूबर को, लेकिन उससे पहले ही भारतीय टीम ने विजय का तिलक लगाया और भारतीयों ने पटाखे छोड़कर दिवाली मनाई।
एलओसी पर मैच देख रहे थे फौजी, ‘रनभूमि’ में भी हारा पाकिस्तान
एलओसी पर भारतीय जवान भी मैच देख रहे थे। रणभूमि में पाकिस्तान तो पहले ही हार चुका था अब रनभूमि में भी बुरी तरह से हारा।
















