पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने भारत से माफी मांगते हुए कहा है कि अब हमें नई शुरुआत करनी चाहिए। यह माफी एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) की एक हालिया बैठक में मांगी गई है। नकवी का यह बयान एशिया कप 2025 के फाइनल मैच के बाद ट्रॉफी के विवाद के बाद आया है।
एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने थे। इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराया और फाइनल जीत लिया। हालांकि, फाइनल के बाद विवाद तब शुरू हुआ जब नकवी ट्रॉफी लेकर चले गए। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इस विवाद को सुलझाने के लिए एसीसी ने मंगलवार, 30 सितंबर को दुबई में बैठक बुलाई। इस बैठक में बीसीसीआई ने विशेष रूप से एशिया कप ट्रॉफी के मुद्दे को उठाया। बैठक में पाकिस्तान के चीफ मोहसिन नकवी ने माफी मांगी।
नकवी ने यह भी कहा कि अगर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव खुद एसीसी के ऑफिस आकर ट्रॉफी लें, तो वह उन्हें ट्रॉफी सौंप देंगे। इस पर बीसीसीआई ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भारतीय टीम के कप्तान ट्रॉफी लेने के लिए वहां नहीं जाएंगे। बीसीसीआई का कहना है कि जब फाइनल के समय मौका था, तब उन्होंने ट्रॉफी नहीं ली थी। अब यह उम्मीद करना कि कप्तान खुद जाकर ट्रॉफी लेंगे, उचित नहीं है।

















