नई दिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आठ दिन में दूसरी बार बिहार दौरे पर हैं। वह शुक्रवार को बिहार पहुंचेंगे। उनका यह दौरा चुनावी रणनीति पर केंद्रित होगा। अमित शाह बिहार के बेतिया के कुमारबाग इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में विभिन्न जिलों के भाजपा (BJP) कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और शाम को पटना में पार्टी के 40 वरिष्ठ नेताओं संग चुनावी बैठक करेंगे।
पटना में होगी अहम बैठक, 40 वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
गृहमंत्री अमित शाह पटना में बीजेपी नेताओं के साथ बड़ी बैठक करेंगे। वह आज शाम में पटना पहुंचेंगे और भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनकी अहम बैठक होगी। जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री व बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल समेत विभिन्न राज्यों से आए 40 वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कहा जा रहा है कि इस बैठक में अमित शाह बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करेंगे।
अक्टूबर के पहले हफ्ते में हो सकती है बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा
कहा जा रहा है कि कुमारबाग स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में अमित शाह के कार्यक्रम में चंपारण और सारण से भाजपा के 10 संगठनात्मक जिलों के 294 कार्यकर्ता शामिल होंगे। शाम 4 बजे वे बेतिया से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे। गृह मंत्री के आगमन को लेकर पश्चिम चंपारण में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इंजीनियरिंग कॉलेज के खेल मैदान में हेलीपैड बनाया गया है। गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। कहा जा रहा है कि अक्टूबर के पहले हफ्ते में बिहार विधानसभा चुनावों की घोषणा होने की उम्मीद है। जपा ने विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए बिहार को पांच क्षेत्रों में बांटा है। 18 सितंबर को डेहरी-ऑन-सोन और बेगूसराय में अपनी सभाओं में अमित शाह ने भाजपा के 20 संगठनात्मक जिलों के नेताओं को संबोधित किया। डेहरी में उन्होंने शाहाबाद और मगध क्षेत्रों की 80 फीसदी सीटें जीतने का लक्ष्य रखा। जहां एनडीए ने 2020 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों में खराब प्रदर्शन किया था।

















