यूं तो पाकिस्तान अपने ड्रामा को लेकर बहुत इमोशनल है। इनमें अभिनय करने वाले खुद को हॉलीवुड के कलाकारों से कम नहीं मानते। इनदिनों एक पाकिस्तानी शो को लेकर हंगामा मचा है।
यह शो कहने के लिए पाकिस्तानी है, इसकी एंकर पाकिस्तानी कलाकार है, और भाग लेने वाले भी पाकिस्तानी, लेकिन इसकी शूटिंग पाकिस्तान में नहीं हुई है। इसका नाम है लजावल इश्क यानी सच्ची मोहब्बत। इसमें एंकर हैं पाकिस्तानी कलाकार आयेशा ओमर और इसकी शूटिंग इस्तान्बुल में हुई है। यह किसी भी पाकिस्तानी चैनल पर नहीं आएगा। यह सीरीज है और केवल यूट्यूब पर दिखेगा। तुर्की सीरीज Ask Adasi की तर्ज पर बने इस शो में जोड़े बनाकर मोहब्बत की खोज की जाएगी।
इसमें चार पाकिस्तानी महिलाएं और चार पाकिस्तानी पुरुष एक विला में रहेंगे। जो ट्रेलर आया है, उसमें उन्हें बातचीत करते हुए दिखाया जा रहा है। वे हर समय कैमरे के साये में रहेंगे। इसे डेटिंग शो कह सकते हैं और इसी को लेकर हंगामा मचा है। ट्रेलर के बाद पाकिस्तान के लोग भड़के हैं और उनका कहना है कि इस गैर-इस्लामिक शो पर सरकार प्रतिबंध लगाए। वहीं, पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी के प्रवक्ता का कहना है कि वे इस मामले में कुछ नहीं कर सकते क्योंकि यह न ही मेनस्ट्रीम मीडिया पर ब्रॉडकास्ट होने जा रहा है और न ही किसी ऐसे चैनल पर, जिसे अथॉरिटी ने लाइसेंस दिया है। एसोसिएटेड प्रेस के साथ बात करते हुए ताहिर ने कहा कि यह उनके क्षेत्र में नहीं आता है। वे यूट्यूब पर नियम नहीं लगाते हैं।
निर्माताओं और एंकर की हो रही आलोचना
यूट्यूब पर इसके ट्रेलर के कमेंट्स में लोग गुस्सा निकाल रहे हैं। उनका कहना है कि यह शो गैर-इस्लामिक है और पाकिस्तान के लोगों को नहीं देखना चाहिए। पाकिस्तान के लोग कैसे ऐसा शो बना सकते हैं? एक यूजर ने लिखा कि यह शो इस्लाम और हमारी तहजीब के खिलाफ है। इसमें गलत भाषा इस्तेमाल की गई है। उसने लिखा कि वह इस कंटेन्ट की रिपोर्ट यूट्यूब पर करेगा।
वहीं, ओमर ने फैशन टाइम्स मैगजीन से बात करते हुए कहा था कि यह अपनी तरह का पहला पाकिस्तानी और उर्दू शो है इस शो में इश्क और रिश्तों को दिखाया जाएगा और दर्शक हर लम्हे में मोहब्बत को देखेंगे। मगर मोहब्बत की यह दास्तान पाकिस्तान में ही लोगों को पसंद नहीं आ रही है। एक यूजर ने लिखा कि सब लड़कियों की ड्रेस इंडियन या हॉलीवुड शो की है, फिर भी आयेशा का कहना है कि हम किसी को कॉपी नहीं करते।
कुछ यूजर्स ने लिखा कि इस शो को बनाने वाले लोग जहन्नुम में जाएंगे और आग में जलेंगे। पहला एपिसोड इसका आखिरी होगा। कई टिप्पणियां निष्पक्ष भी हैं। फिर भी अधिकांश टिप्पणियां नकारात्मक हैं। यह तुर्की शो की तर्ज पर बना है। शूटिंग भी तुर्की में हुई है, जो एक मुस्लिम देश है, मगर वहां इन बातों को लेकर कोई विवाद नहीं, फिर पाकिस्तान के मुसलमान क्यों भड़के हैं, यह भी प्रश्न है!











