नई दिल्ली (हि.स.) । राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह से दोपहर तक 80 से अधिक स्कूलों को बम की धमकी मिली। पुलिस और जांच एजेंसियों ने सभी सूचनाओं पर मौके पर पहुंचकर कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया और अंततः सभी कॉल को फर्जी करार दिया।
‘टेररा इज़र्स111’ समूह से ईमेल द्वारा धमकी
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह 6:10 बजे ‘टेररा इज़र्स111’ समूह के नाम से ईमेल आया। यह समूह पहले भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेज चुका है। मेल में लिखा था, “आपके भवन में बम रखे गए हैं।”
दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि उन्हें द्वारका स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल, सर्वोदय विद्यालय, सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल और नजफगढ़ के माता विद्या देवी पब्लिक स्कूल समेत 10 स्कूलों के बारे में सूचना मिली थी। गहन जांच के बाद सभी धमकियों को फर्जी पाया गया।
बम निरोधक दस्ते का तलाशी अभियान
धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत कार्रवाई की। एहतियातन छात्रों और कर्मचारियों को स्कूल परिसरों से बाहर निकाला गया। इसी दौरान अन्य इलाकों के स्कूलों से भी इसी तरह की धमकी भरे कॉल आने लगे।
साइबर सेल की जांच जारी
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
अगस्त में भी मिली थी धमकी
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अगस्त में भी दिल्ली के 32 से अधिक स्कूलों को इसी तरह के बम धमकी भरे ईमेल मिले थे। इनमें प्रमुख रूप से द्वारका के दिल्ली पब्लिक स्कूल, बीजीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, श्री वेंकटेश्वर स्कूल और ग्लोबल स्कूल शामिल थे।

















