औरैया (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में सहार थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित लंबे समय से कबाड़ की दुकान पर चप्पल इकट्ठा करने का काम कर रहा था।
संदेहास्पद गतिविधियों पर पुलिस की नज़र
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कबाड़ की दुकान पर काम करने वाला एक युवक स्थानीय भाषा बोलने में असमर्थ है। संदेहास्पद मामला होने पर सहार थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक से पूछताछ की।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में युवक ने अपना नाम इस्लाम पुत्र शौरियातुल्ला निवासी ग्राम दामोदर, तहसील फुलथला, जनपद खुलना, बांग्लादेश बताया। पुलिस के अनुसार युवक के पास भारत में निवास करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वैध दस्तावेज न मिलने पर उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया। सहार पुलिस ने इस्लाम के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर चालान कर जेल भेज दिया।
खुफिया एजेंसियों को दी गई सूचना
स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की सूचना संबंधित खुफिया एजेंसियों को भी दी गई है, ताकि आरोपी के नेटवर्क और भारत आने के कारणों की जांच की जा सके। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और सतर्क हो गई है।

















