नई दिल्ली (हि.स.) । रेलवे कर्मचारियों के कल्याण की दिशा में बैंक ऑफ बड़ौदा ने ‘रेलवे सैलेरी पैकेज’ को सेवानिवृत्त कर्मचारियों तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। यह कदम रेलवे कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा और सामाजिक सहारा सुनिश्चित करेगा।
बैठक और स्वीकृति
बड़ौदा हाउस स्थित उत्तर रेलवे के प्रधान कार्यालय में गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने की। बैठक में प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई, जिसके अंतर्गत सेवारत और सेवानिवृत्त दोनों प्रकार के कर्मचारी 70 वर्ष की आयु तक बैंक की वित्तीय सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
बीमा और वित्तीय लाभ
इस पैकेज में दुर्घटना की स्थिति में 100 लाख रुपये तक और वायु दुर्घटना की स्थिति में 225 लाख रुपये तक बीमा राशि का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म लाइफ बीमा, पुत्री विवाह और उच्च शिक्षा के लिए 10-10 लाख रुपये का बीमा लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
महाप्रबंधक वर्मा की टिप्पणियाँ
महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने इस पहल को रेलवे कर्मचारियों के सतत कल्याण के प्रति उत्तर रेलवे की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल सेवारत कर्मचारियों बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी सुजीत कुमार मिश्रा, मुख्य कार्मिक अधिकारी/सा. हर्षा दास, प्रमुख वित्त सलाहकार संजीव उप्रेती, मुख्य कार्मिक अधिकारी/आईआर राजीव बजाज, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी विवेक प्रकाश तथा बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य महाप्रबंधक मिनी टीएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












