तेजा सज्जा की फिल्म ‘मिराई’ 12 सितंबर 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई। यह एक पैन-इंडिया फिल्म है, जिसे तेलुगु में बनाया गया और हिंदी, तमिल, मलयालम, कन्नड़ जैसी कई भाषाओं में डब करके रिलीज किया गया। हिंदी वर्जन को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स ने प्रस्तुत किया है। यह फिल्म इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।
फिल्म का निर्देशन और लेखन कार्तिक गट्टमनेनी ने किया है। कहानी एक योद्धा वेधा (तेजा सज्जा) की है, जिसे सम्राट अशोक द्वारा छोड़े गए नौ दिव्य ग्रंथों की रक्षा करनी होती है। इन ग्रंथों को हासिल करना चाहता है खतरनाक विलेन महाबीर लामा उर्फ ब्लैक स्वॉर्ड, जिसका किरदार मनुचु मनोज ने निभाया है। फिल्म में श्रीया सरन, ऋतिका नायक, जगपति बाबू, जयराम और टान्जा केलर ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। बॉक्स ऑफिस पर ‘मिराई’ ने पांच दिन में शानदार कमाई की है। पहले दिन- ₹13 करोड़, दूसरे दिन- ₹15 करोड़, तीसरे दिन- ₹16.6 करोड़, चौथे दिन- ₹6.4 करोड़, पांचवें दिन- ₹5.75 करोड़। भारत में 5 दिन में ₹56.75 करोड़ की कमाई की। विश्व स्तर पर फिल्म ने चार दिनों में कुल ₹91.45 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया। खासकर तेलुगु वर्जन को सबसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला, वहीं हिंदी और अन्य भाषाओं में भी फिल्म पसंद की गई।
फिल्म का बजट करीब ₹60 करोड़ है। इसमें हाई-क्वालिटी VFX और बड़े पैमाने पर एक्शन सीन शामिल हैं। फिल्म की शूटिंग 125 दिनों में पूरी की गई। इसके डिजिटल राइट्स ₹40 करोड़ में बिक गए, जिससे मेकर्स को पहले ही बड़ी आमदनी हो गई। ‘मिराई’ को दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिल रही है। फिल्म को IMDb पर 7.5/10 की रेटिंग मिली है। सोशल मीडिया पर इसे तेजा सज्जा के करियर की सबसे बड़ी फिल्म कहा जा रहा है। इसने ‘किंगडम’ (₹82 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और अब ‘हनुमान’ और ‘थेंडल’ जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है।











