सरकार ने हाल ही में जीएसटी सुधारों का ऐलान करके देशवासियों को राहत दी है। अब किसानों के लिए भी एक अच्छी खबर आने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की 21वीं किस्त जल्द ही जारी की जा सकती है। देशभर के लाखों किसान इस किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
योजना का मकसद- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की एक बड़ी योजना है, जिसे छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद देने के लिए शुरू किया गया था। इस योजना के तहत किसानों को हर साल 6000 रुपये दिए जाते हैं। यह राशि तीन बराबर किस्तों में मिलती है- हर किस्त 2000 रुपये की होती है। पैसा सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है ताकि उन्हें बीच में किसी तरह की परेशानी न हो। इस योजना की शुरुआत साल 2019 में हुई थी। तब से अब तक किसानों को लगातार किस्तों का लाभ मिलता रहा है। अभी तक 20 किस्तें किसानों को मिल चुकी हैं और अब सभी को 21वीं किस्त का इंतजार है।
किस्त कब आएगी- अगर पिछले रिकॉर्ड देखें तो सरकार ने अगस्त से नवंबर के बीच अलग-अलग सालों में किस्तें जारी की हैं। साल 2024 में 18वीं किस्त 5 अक्टूबर को आई थी। साल 2023 में यह किस्त 15 नवंबर को जारी हुई थी। कई बार सरकार त्योहारों के समय किसानों को तोहफा देने के लिए किस्त पहले भी जारी कर देती है। इस साल दिवाली 20 अक्टूबर को पड़ रही है, इसलिए संभावना है कि किसानों को त्योहार से पहले ही किस्त का पैसा मिल सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा सरकार की ओर से नहीं हुई है। यह किस्त उन किसानों को मिलेगी जिनके दस्तावेज पूरे और सही हैं। अगर किसान ने ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी नहीं करवाई है, आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं कराया है, या बैंक अकाउंट में कोई गड़बड़ी है, तो पैसा उनके खाते में नहीं आएगा। इसलिए जरूरी है कि किसान समय रहते इन सभी औपचारिकताओं को पूरा कर लें।
यह भी पढ़ें- https://panchjanya.com/2025/09/13/435212/utility-news/pm-kisan-mandhan-yojana-good-news-for-farmers-now-the-government-will-give-3000-rupees-pension-for-life-know-how-to-apply/
लाभार्थी सूची कैसे देखें- किसानों को यह भी जानना जरूरी है कि उनका नाम लाभार्थी सूची (Beneficiary List) में है या नहीं। इसके लिए उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट पर जाकर Farmers Corner सेक्शन में क्लिक करें। यहां Beneficiary Status पर क्लिक करके अपना आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर डालें। इसके बाद स्क्रीन पर आपको अपनी किस्त की स्थिति दिख जाएगी। इसी तरह, अगर आप अपने पूरे गांव की सूची देखना चाहते हैं तो Beneficiary List का विकल्प चुन सकते हैं। वहां आपके गांव के सभी किसानों की लिस्ट दिखाई देगी।













