नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मणिपुर का दौरा किया। हिंसा के बाद पीएम मोदी का यह पहला मणिपुर दौरा है। यहां उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया और जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा ‘मैं आपके साथ हूं, भारत सरकार मणिपुर के लोगों के साथ है। मैं मणिपुर के लोगों के जज्बे को सलाम करता हूं। भारी बारिश के बावजूद आप इतनी बड़ी संख्या में यहां एकत्रित हुए हैं और मैं आपके प्यार और स्नेह के लिए तहे दिल से आभारी हूं।’
मणिपुर के लोगों के सम्मान में सिर झुकाता हूं…
पीएम मोदी ने कहा कि मौसम की वजह से जब मेरा हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका तो मैंने सड़क मार्ग से यात्रा करने का विकल्प चुना। सड़क किनारे लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर मेरा स्वागत किया। मुझे जो गर्मजोशी और प्यार मिला उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा। मैं मणिपुर के लोगों के प्रति सम्मानपूर्वक अपना सिर झुकाता हूं। आइए जानते हैं कि मणिपुर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कौन सी 15 बड़ी बातें कहीं।

1-मणिपुर आशा और आकांक्षाओं की धरती। दुर्भाग्य से यहां हिंसा का साया पड़ा।
2-मैं सभी संगठनों से शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने और सपनों को साकार करने की अपील करता हूं।
3-मणिपुर के नाम में ही मणि है। ये वो मणि है जो आने वाले समय में पूरे नॉर्थ-ईस्ट की चमक को बढ़ाने वाली है।
4-मणिपुर को विकास के रास्ते पर तेजी से आगे ले जाने के लिए भारत सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
5-करीब 7 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास हुआ है। ये प्रोजेक्ट्स यहां के लोगों की जिंदगी को और बेहतर बनाएंगे।
6-मणिपुर की सीमा अन्य देशों से लगती है और यहां कनेक्टिविटी हमेशा से एक चुनौती रही है।
7- खराब कनेक्टिविटी के कारण आपको किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, मैं इसे समझता हूं।
8- 2014 से मैंने मणिपुर में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर बहुत जोर दिया है।
9- पहले यहां गांवों में पहुंचना मुश्किल था और अब सैकड़ों गांवों में रोड कनेक्टिविटी पहुंचाई गई है।
10- हमारी सरकार के दौरान ही मणिपुर में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है।
11- आज हमारा चुराचांदपुर, हमारा मणिपुर, देश के बाकी हिस्सों के साथ मिलकर प्रगति कर रहा है।
12- यहां लगभग 60,000 घर पहले ही बन चुके हैं, जिससे हजारों परिवारों को सम्मान और सुरक्षा का जीवन मिल रहा है।
13- मणिपुर में 7-8 साल पहले तक सिर्फ 25-30 हजार घरों में ही पाइप से पानी आता था। आज यहां साढ़े 3 लाख से अधिक घरों में नल से जल की सुविधा मिल रही है।
14- हमें संतोष है कि हाल ही में पहाड़ी और घाटी में अलग-अलग संगठनों के साथ समझौतों के लिए बातचीत हुई है।
15- चुराचांदपुर में अब एक मेडिकल कॉलेज बन गया है। आजादी के दशकों बाद भी मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में एक भी मेडिकल कॉलेज नहीं था।

















