कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण किसानों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी खरीफ की फसलें जैसे चना, सोयाबीन, कपास और दालें बर्बाद हो गई हैं। कई इलाकों में बाढ़ के हालात इतने गंभीर हैं कि किसान अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों के पास पहुंच रहे हैं, ताकि उन्हें सरकार से राहत मिल सके।
इसी बीच एक मामला चर्चा में आया है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक किसान की शिकायत पर नाराजगी जताई। यह घटना तब हुई जब एक किसान खड़गे के कलबुर्गी स्थित आवास पर पहुंचा और अपनी 4 एकड़ जमीन में फसल खराब होने की बात कही।
वायरल वीडियो में क्या दिखा- एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खड़गे किसान से पूछते हैं कि उसने कितने एकड़ में फसल बोई थी। किसान जवाब देता है- “चार एकड़।” इस पर खड़गे जवाब देते हैं, “मैंने 40 एकड़ में फसल बोई है और मुझे उससे भी ज्यादा नुकसान हुआ है।” खड़गे ने आगे एक कहावत का उदाहरण देते हुए कहा,यह ऐसे है जैसे तीन बच्चे वाला, छह बच्चों वाले से अपनी परेशानी कहे। उन्होंने किसान को यह भी कहा कि “सिर्फ प्रचार के लिए मत आइए, मुझे सब जानकारी है। आपको शायद नुकसान सहना आसान हो लेकिन हमारे लिए 40 एकड़ की खेती का नुकसान सहना मुश्किल है।”
खड़गे की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का कारण बनी। कई लोगों ने इसे किसानों की तकलीफों को नजरअंदाज करने वाला और असंवेदनशील बयान बताया। किसानों का कहना है कि उन्हें नेताओं से सहानुभूति और समाधान की उम्मीद होती है, न कि तुलना और डांट-फटकार। कलबुर्गी उत्तर कर्नाटक का एक प्रमुख कृषि क्षेत्र है। इस समय यहां भारी बारिश और बाढ़ ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खासकर चित्तापुर क्षेत्र में कंगनार नदी के उफान पर आने से कई गांव प्रभावित हुए हैं। खेतों में पानी भरने से फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों की मांग है कि सरकार कलबुर्गी को “बाढ़ प्रभावित क्षेत्र” घोषित करे और जल्द से जल्द विशेष राहत पैकेज की घोषणा करे। उनका कहना है कि फसल बीमा, अनाज खरीद और वित्तीय सहायता के बिना उनका गुजारा मुश्किल हो जाएगा।

















