नोएडा (हि.स.) । मुंबई में अनंत चतुर्दशी के दिन 400 किग्रा आरडीएक्स से जगह-जगह बम धमाका करने की धमकी देने वाले अश्विनी नाम के एक व्यक्ति को उत्तर प्रदेश और मुंबई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के तहत शनिवार को नोएडा से गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस उसे लेकर महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गई।
मुंबई पुलिस को मिला धमकी भरा संदेश
04 सितंबर को मुंबई पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर बम ब्लास्ट की धमकी वाला मैसेज भेजा गया था। इस संदेश में धमकी देने वाले ने खुद को एक जिहादी संगठन का सदस्य बताया था।
पुलिस टीम को मिला नकद इनाम
आरोपित को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को आज पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने 25 हजार रुपए नगद इनाम देने की घोषणा की है।
आरोपित की पहचान और पृष्ठभूमि
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अश्विनी कुमार सुप्रा मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह पिछले पांच सालों से नोएडा में रह रहा था। अश्विनी खुद को ज्योतिषी बताता था, लेकिन उसकी करतूत ने उसके इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
धमकी में दिए गए गंभीर दावे
अश्विनी ने धमकी में कहा था कि कई गाड़ियों में बम रखे हैं और इनमें 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल होगा। उसने खुद को पाकिस्तान के जिहादी संगठन ‘लश्कर-ए-जिहादी’ का सदस्य बताते हुए दावा किया कि 14 आतंकी शहर में घुस चुके हैं। इसके साथ ही उसने यह भी कहा कि 34 गाड़ियों में 34 ‘ह्यूमन बम’ लगाए गए हैं।

















