दिल्ली-NCR में इन दिनों मौसम का मिजाज कुछ ज्यादा ही बदला हुआ है। बारिश की वजह से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं जलजमाव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद सहित कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि बीते एक सप्ताह में राजधानी में 48 प्रतिशत से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने दिल्ली-NCR के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। गुरुग्राम में सोमवार को महज चार घंटे (दोपहर 3 से शाम 7 बजे) में 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। नोएडा और गाजियाबाद में भी रेड अलर्ट है, जहां भारी बारिश के साथ बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। लेटेस्ट वेदर रिपोर्ट में अगले तीन घंटों में फरीदाबाद फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, करनाल, नूंह, पलवल, पानीपत और सोनीपत में मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई गई है।
यमुना का बढ़ता जलस्तर
लगातार बारिश की वजह से यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर 207.47 मीटर तक पहुंच गया है। इससे दिल्ली के निचले इलाकों, खासकर यमुना बाजार और सिविल लाइंस में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने पुराने रेलवे ब्रिज को बंद कर दिया है और नदी किनारे रहने वालों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी है। दुकानदार अपने सामान को सुरक्षित करने में जुटे हैं।
जलजमाव और ट्रैफिक की मुश्किलें
बारिश ने दिल्ली-NCR की सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया है। गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक, डीएनडी फ्लाईवे और दिल्ली के प्रगति मैदान जैसे इलाकों में भारी जलजमाव से ट्रैफिक जाम की स्थिति है। हवाई यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस ने उड़ानों में देरी की चेतावनी दी है।
स्कूल-ऑफिस बंद, WFH की सलाह
गुरुग्राम और नोएडा में स्कूल-कॉलेज बंद हैं और प्रशासन ने ऑफिसों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। नोएडा में नर्सरी से 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

















