आज के समय में मोबाइल फोन हमारी जिंदगी का एक बेहद जरूरी हिस्सा बन चुका है। हम छोटी-छोटी चीजों के लिए भी मोबाइल पर निर्भर हैं- चाहे बैंकिंग हो, ऑनलाइन शॉपिंग, फोटो खींचना हो या डॉक्युमेंट सेव करना। यहां तक कि हमारे जरूरी पासवर्ड, डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी, और निजी फोटो तक मोबाइल में ही सेव रहते हैं। जहां एक तरफ मोबाइल हमारी जिंदगी को आसान बनाता है, वहीं दूसरी ओर इसके जरिए धोखाधड़ी और हैकिंग का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। कई बार लोगों को पता ही नहीं चलता कि उनका फोन हैक हो गया है और उनकी पर्सनल जानकारी किसी दूसरे के पास जा रही है।
इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि कैसे आप कुछ आसान स्टेप्स में यह पता लगा सकते हैं कि आपका मोबाइल फोन हैक हुआ है या नहीं, और अगर हुआ है तो उसे कैसे ठीक किया जा सकता है। अगर आपका मोबाइल हैक हुआ है, तो कुछ संकेत होते हैं जिन्हें पहचान कर आप सतर्क हो सकते हैं। नीचे दिए गए लक्षणों पर ध्यान दें- अगर आपका फोन पहले की तुलना में ज्यादा स्लो हो गया है या बार-बार हैंग हो रहा है, तो यह किसी मालवेयर या हैकिंग एक्टिविटी का संकेत हो सकता है। फोन की बैटरी अगर सामान्य से जल्दी खत्म हो रही है, तो संभव है कि कोई बैकग्राउंड में ऐसा ऐप या सॉफ्टवेयर चल रहा हो जो आपकी जानकारी चुरा रहा हो। अगर आपके नंबर से अपने आप कॉल लग रहे हैं या अजीब-अजीब लिंक और मैसेज आ रहे हैं, तो यह एक बड़ा संकेत है कि आपके फोन की सिक्योरिटी में सेंध लगी है। अगर आपके मोबाइल डेटा का उपयोग अचानक बहुत बढ़ गया है, जबकि आपने ज्यादा कुछ किया ही नहीं है, तो इसका मतलब हो सकता है कि कोई एप्लीकेशन आपके डेटा का गलत इस्तेमाल कर रहा है।
यह भी पढ़ें- https://panchjanya.com/2025/08/29/429707/sci-tech/how-to-change-name-and-address-in-aadhaar-card-after-marriage-know-the-process/
आप अपने फोन से एक छोटा सा कोड डायल करके यह पता लगा सकते हैं कि कोई आपकी कॉल्स या जानकारी को फॉरवर्ड तो नहीं कर रहा है। नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें- अपने फोन के डायल पैड में जाएं और *#67# टाइप करके कॉल बटन दबाएं। कुछ ही सेकंड में आपके फोन की स्क्रीन पर एक जानकारी दिखेगी कि आपकी कॉल किस नंबर पर फॉरवर्ड हो रही हैं। अगर यहां कोई अनजान नंबर दिखता है या कोई जानकारी फॉरवर्ड हो रही है, तो समझ जाएं कि कुछ गड़बड़ है। अगर आपको पहले स्टेप में कोई अनजान एक्टिविटी नजर आती है, तो तुरंत #002# टाइप करें और कॉल करें। यह कोड आपके फोन से सभी कॉल फॉरवर्डिंग या डाइवर्ट सेटिंग्स को हटा देगा। इससे आपका फोन हैकिंग से कुछ हद तक सुरक्षित हो जाएगा और आपकी जानकारी लीक नहीं होगी।
हैकिंग से कैसे बचें- अनजान या प्ले स्टोर के बाहर से ऐप्स डाउनलोड न करें। अपने फोन और ऐप्स में मजबूत पासवर्ड लगाएं। अंजान लिंक या संदिग्ध मैसेज पर क्लिक करने से बचें। अपने मोबाइल में भरोसेमंद एंटीवायरस इंस्टॉल करें। समय-समय पर अपने फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स अपडेट करते रहें।

















