पंजाब के मोहाली में पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने एक कैब चालक के अपहरण और हत्या के मामले में जम्मू-कश्मीर के तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनसे एक हथियार व वाहन बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल बशीर पुत्र बशीर अहमद, मुनीष सिंह उर्फ अंश पुत्र शमशेर सिंह और एजाज अहमद उर्फ वसीम पुत्र गुलाम मोहम्मद के तौर पर हुई है।
मोहाली के नयागांव निवासी कैब चालक अनिल कुमार के अपहरण और हत्या के संबंध में अज्ञात हमलावरों पर मामला दर्ज किया गया था। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि जम्मू-कश्मीर के तीन लोगों ने खरड़ से कैब किराए पर ली थी। इसके तुरंत बाद चालक के मोबाइल फोन बंद हो गए। जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के पास से छीनी गई गाड़ी और अपराध में इस्तेमाल .32 बोर की पिस्तौल बरामद कर ली गई है। एक आतंकी ने विवाद के बाद ड्राइवर की गोली मारकर हत्या और मोहाली में शव को ठिकाने लगाने की बात कबूल की। साहिल बशीर, जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा के कलामाबाद थाने में दर्ज यूएपीए और आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित है। उसका भाई एजाज अहमद पहले जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हथियारों और सामग्रियों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों जैश के ओवरग्राउंड वर्कर थे।
















