अक्सर हम समाचारों में पढ़ते या सुनते हैं कि कहीं रसोई गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। ऐसे अधिकतर हादसों की वजह गैस का रिसाव यानी गैस लीक होती है। यदि समय पर सावधानी न बरती जाए तो यह एक छोटी सी गलती बहुत बड़ा नुकसान कर सकती है। इसलिए यह जानना जरूरी है कि गैस सिलेंडर से गैस लीक होने की स्थिति में क्या करना चाहिए।
गैस लीक के संकेत- अगर आपको रसोई में अचानक अजीब सी गंध महसूस हो, सिर भारी लगने लगे, सांस लेने में थोड़ी परेशानी महसूस हो या आंखों में जलन होने लगे, तो यह गैस लीक का संकेत हो सकता है। ऐसे समय में घबराने के बजाय समझदारी और सावधानी से काम लेना सबसे जरूरी होता है।
क्या करें अगर गैस लीक हो रही हो- सबसे पहले ध्यान रखें कि किसी भी स्थिति में माचिस, लाइटर, दिया या कोई भी जलाने वाली वस्तु बिल्कुल न जलाएं। चूल्हा ऑन न करें और न ही कोई इलेक्ट्रिक स्विच ऑन या ऑफ करें। गैस लीक की स्थिति में एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे घर में आग फैला सकती है। जैसे ही गैस लीक होने का संदेह हो, तुरंत सिलेंडर का रेगुलेटर बंद कर दें। इससे गैस का बहाव रुक जाएगा और खतरा काफी हद तक कम हो जाएगा। रसोई और घर की सभी खिड़कियाँ और दरवाजे खोल दें ताकि गैस बाहर निकल सके। कमरे में हवा का प्रवाह शुरू हो जाएगा जिससे रिसी हुई गैस का असर कम होने लगेगा। कई लोग गैस को बाहर निकालने के लिए एग्जॉस्ट फैन या सीलिंग फैन चालू कर देते हैं। लेकिन यह बहुत खतरनाक हो सकता है क्योंकि इससे स्पार्क यानी चिंगारी निकलने की संभावना रहती है। अगर गैस का रिसाव अधिक मात्रा में हो रहा है, तो घर के सभी सदस्यों को तुरंत बाहर सुरक्षित स्थान पर ले जाएँ। बच्चों और बुजुर्गों को पहले बाहर निकालें। जब स्थिति थोड़ी सामान्य हो जाए, तब पाइप और कनेक्शन को ध्यान से जांचें। कहीं पाइप में क्रैक, कट या ढीलापन तो नहीं है। अगर कुछ भी असामान्य दिखे, तो सिलेंडर का उपयोग न करें और तुरंत गैस एजेंसी या टेक्नीशियन से संपर्क करें। अगर गैस लीक से आग लग गई हो या स्थिति नियंत्रण में न हो, तो बिना समय गंवाए फायर ब्रिगेड (101) या संबंधित आपातकालीन सेवा को कॉल करें। सुरक्षा दल आने तक घर के पास किसी को भी जाने न दें।
गैस लीक से बचाव के उपाय- हमेशा अच्छी गुणवत्ता के गैस पाइप का उपयोग करें और समय-समय पर उसे बदलते रहें। गैस चूल्हे का उपयोग करते समय आसपास कोई ज्वलनशील वस्तु न रखें। खाना बनाते समय गैस का ध्यान रखें और काम पूरा होते ही रेगुलेटर बंद कर दें। सिलेंडर को हमेशा सीधे खड़ा रखें और धूप या गर्मी से दूर रखें। गैस एजेंसी द्वारा दिए गए सेफ्टी टिप्स को ध्यान से पढ़ें और पालन करें।
















