पठानकोट । काउंटर इंटेलिजेंस पठानकोट, सीआई लुधियाना और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) समर्थित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। दो गुर्गों को गिरफ्तार कर हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद की गई है। यह जानकारी पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार गुर्गों की पहचान सरवण कुमार, निवासी गांव मल्लियां (गुरदासपुर) और बलविंदर सिंह, निवासी जकडिय़ा (गुरदासपुर) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने इनके कब्जे से हैंड ग्रेनेड और तीन जिंदा कारतूस सहित .30 बोर स्टार मार्क पिस्तौल बरामद की है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब सीआई पठानकोट ने एक सप्ताह से भी कम समय पहले दो नाबालिगों सहित चार सदस्यों वाले इसी नेटवर्क के एक मॉड्यूल का पर्दाफाश कर टारगेट किलिंग को टाला था। उनके कब्जे से दो .30 बोर स्टार मार्क पिस्तौलें बरामद की थीं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिन्हें बब्बर खालसा इंटरनेशनल का समर्थन प्राप्त है। आरोपियों को एक बिचौलिए के जरिए इन हैंडलरों से मिलवाया गया था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
एआईजी सीआई पठानकोट सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की रेकी करने और हमले को अंजाम देने के लिए विस्फोटक और फंड उपलब्ध कराया गया था। आरोपी एन्क्रिप्टेड ऐप्स और वर्चुअल फोन नंबरों का इस्तेमाल कर अपने हैंडलरों से संपर्क कर रहे थे। इस बीकेआई समर्थित पूरे नेटवर्क का पता लगाने और गिरफ्तार गुर्गों द्वारा किए गए पिछले अपराधों की जांच के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में पुलिस स्टेशन एसएसओसी अमृतसर में आम्र्स एक्ट की धारा 25, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

















