उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने इस बात पर सख्त नाराजगी जाहिर की है कि ऑनलाइन माध्यम से आने वाली शिकायतों का बगैर समाधान किए ही निस्तारण दिखा दिया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने विद्युत वितरण कंपनियों के प्रबंध निदेशकों को निर्देशित किया है कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच करें और इस तरह का कार्य करने वाले दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने समीक्षा के दौरान कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए/ यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समस्याओं का समाधान किए बगैर उसको निस्तारित दिखा दिया जाना, यह जनता के साथ बहुत बड़ा अन्याय है। इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऊर्जा मंत्री ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक को निर्देशित किया कि वह जनता के फोन कॉल और शिकायतों पर तत्काल रिस्पांस करें और हाईवे पर हो रही विद्युत चोरी को रोकने के लिए ठोस कार्य योजना भी तैयार करें। विद्युत चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जाए।
ऊर्जा मंत्री ने उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ आशीष कुमार गोयल को विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम में अच्छा काम करने वाले अभियंताओं को तैनात किया जाए।
















