देहरादून। महामंडलेश्वर स्वामी शाश्वानंद गिरी जी (शाश्वत गीता धाम, कुरूक्षेत्र/हरिद्वार) ने मंगलवार को मुख्यमत्री पुष्कर सिंह धामी से कैंप कार्यालय में भेंट की। उन्होंने देवभूमि में सीएम धामी द्वारा किए जा रहे सनातन सेवा कार्यों की सराहना की।
स्वामी जी ने कहा कि ईश्वर ने आपको देवभूमि के सनातन स्वरूप को बनाए रखने के लिए यह सेवा दायित्व दिया है। उन्होंने मदरसा बोर्ड खत्म किए जाने, ऑपरेशन कालनेमि चलाए जाने, सख्त धर्मांतरण बिल लाए जाने और लैंड जिहाद जैसे मामलों में दृढ़तापूर्वक निर्णय लिए जाने की सराहना करते हुए अपना आशीर्वचन दिया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को पावन सनातन नगरी के रूप में बनाए रखने की जिम्मेदारी न सिर्फ सरकार की है बल्कि हमारे अखाड़ों और संत समाज की भी है।
स्वामी जी ने कुंभ 2027 के विषय में भी सीएम धामी से विचार-विमर्श किया और अपने आश्रम आने का निमंत्रण भी दिया। पुष्कर सिंह धामी ने आदरपूर्वक महामंडलेश्वर जी का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड का सनातन स्वरूप बनाए रखने के लिए सरकार वचनबद्ध है।

















