नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे पर हैं। उन्होंने अपने दौरे के दूसरे दिन टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन की शुरुआत की। यह प्लांट तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का संयुक्त उद्यम है। इस दौरान सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष व प्रतिनिधि निदेशक तोशीहिरो सुजुकी और सूबे के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब दुनिया के दर्जनों देशों में जो ईवी चलेगी, उसपर ‘मेड इन इंडिया’ लिखा होगा।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के इस उल्लास में आज भारत की ‘मेक इन इंडिया’ यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। आज से भारत में बनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स 100 देशों को एक्सपोर्ट की जाएंगी। पीएम मोदी ने कहा कि यह दिन भारत और जापान की दोस्ती को भी एक नया आयाम दे रहा है। मोदी ने कहा कि 2012 में जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब मैंने मारुति सुजुकी को हंसलपुर में जमीन अलॉट की थी।
उस वक्त भी विजन आत्मनिर्भर भारत का था, मेक इन इंडिया का था। मोदी ने कहा कि हमारे तब के प्रयास आज देश के संकल्पों को पूरा करने में इतनी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। मोदी ने कहा कि आज सुजुकी भारत में मैन्युफैक्चरिंग कर रही है और यहां बनी गाड़ियां वापस जापान को एक्सपोर्ट की जा रही हैं। यह भारत और जापान के रिश्तों की मजबूती का प्रतीक है। इसके साथ ही भारत को लेकर ग्लोबल भरोसे को भी दर्शाता है। मोदी ने इससे पहले हंसलपुर प्लांट से मारुति सुजुकी की पहली ग्लोबल इलेक्ट्रिक कार ई-विटारा को हरी झंडी दिखाई। इसी दौरान उन्होंने हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड उत्पादन संयंत्र का भी उद्घाटन किया।
















