इंदौर के रहने वाले कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय हाल ही में अपने एक विवादित कार्टून को लेकर सुर्खियों में आए। हेमंत मालवीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस को लेकर एक कार्टून बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर इंदौर के विनय जोशी ने आपत्ति जताते हुए पुलिस में शिकायत की। शिकायत के अनुसार, यह कार्टून जन भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हेमंत मालवीय के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें करीब ढाई महीने पहले गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला अब सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) में विचाराधीन है। कोर्ट की पिछली सुनवाई में हेमंत मालवीय ने यह बात कही थी कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक रूप से माफी माँगेंगे। इसके बाद उन्होंने फेसबुक पर माफीनामा पोस्ट किया। हेमंत मालवीय ने अपने माफीनामे में स्पष्ट किया कि उनका किसी भी समुदाय, धर्म, जाति, संगठन या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुँचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि वे इस बात को स्वीकार करते हैं कि उनके कार्टून से कुछ लोगों की भावनाएँ आहत हुईं, जिसके लिए वे दिल से खेद व्यक्त करते हैं।
उन्होंने लिखा, “मैं, हेमंत मालवीय, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार, 1 मई 2025 को अपने फेसबुक पर प्रकाशित पोस्ट के लिए गहरा खेद व्यक्त करता हूँ। मेरा उद्देश्य कभी भी किसी व्यक्ति, संगठन, राजनीतिक दल, धर्म, जाति या समुदाय का अपमान करना नहीं था। न ही मेरा इरादा किसी तरह का सामाजिक तनाव या विवाद पैदा करना था।” उन्होंने आगे कहा कि यदि उनके किसी कार्टून या पोस्ट से किसी की भावनाएँ आहत हुई हैं, तो इसके लिए वे पूरे मन से माफी माँगते हैं। यह कार्य अनजाने में हुआ और इसका कोई गलत उद्देश्य नहीं था। वे भविष्य में इस प्रकार की कोई गलती न दोहराने का वचन देते हैं। हेमंत मालवीय ने यह भी माना कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, और वे भविष्य में अपने कार्यों में इस बात का पूरा ध्यान रखेंगे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि किसी सार्वजनिक व्यक्ति या संगठन के प्रति अनादर प्रकट करने की न तो मंशा थी और न ही होगी।
मप्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि जांच पूरी होने तक उस पोस्ट को सोशल मीडिया से हटाया नहीं जाना चाहिए और माफीनामे में यह वचन भी शामिल होना चाहिए कि भविष्य में ऐसी कोई हरकत दोबारा नहीं होगी। इस बात का उल्लेख हेमंत मालवीय ने अपने माफीनामे में कर भी दिया है। कोर्ट की पिछली सुनवाई में यह स्पष्ट किया गया था कि पोस्ट को आपत्तिजनक माना गया है, और अब इस मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह होगी।

















