अधिकतर कर्मचारियों का एक भविष्य निधि (PF) खाता होता है। इसमें हर महीने उनकी सैलरी से कुछ पैसा कटता है और उतना ही पैसा कंपनी भी जमा करती है। यह खाता भविष्य के लिए बचत करने में मदद करता है। समय के साथ यह एक बड़ा फंड बन जाता है, जो रिटायरमेंट के समय या जरूरत पड़ने पर काफी काम आता है।
हालांकि, बहुत से कर्मचारियों को यह नहीं पता होता कि उनके पीएफ खाते में अब तक कितनी राशि जमा हो चुकी है। अगर आप भी अपने पीएफ बैलेंस के बारे में जानना चाहते हैं, तो आप घर बैठे कुछ आसान तरीकों से यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आइए जानते हैं पीएफ बैलेंस चेक करने की सबसे सरल प्रक्रिया।
EPFO की आधिकारिक वेबसाइट से पीएफ बैलेंस जानें- पीएफ बैलेंस जानने का सबसे आसान और विश्वसनीय तरीका है EPFO की वेबसाइट पर जाकर अपने खाते की जानकारी देखना। सबसे पहले EPFO की वेबसाइट https://passbook.epfindia.gov.in/MemberPassBook/login पर जाएं। वहां आपको अपना UAN नंबर (Universal Account Number) और पासवर्ड दर्ज कर लॉगिन करना होगा। लॉगिन करने के बाद “Our Services” में जाकर “Member Passbook” पर क्लिक करें। यहां आप अपने पीएफ खाते में जमा हुई राशि की पूरी जानकारी देख सकते हैं, जैसे आपकी और कंपनी की जमा राशि और जमा की तारीख। यह प्रक्रिया आप अपने मोबाइल फोन या लैपटॉप के माध्यम से बड़ी आसानी से पूरी कर सकते हैं। अगर आप वेबसाइट पर जाकर बैलेंस नहीं देख पा रहे हैं, तो मिस्ड कॉल के माध्यम से भी आप पीएफ खाते की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आपका मोबाइल नंबर EPFO खाते से जुड़ा होना चाहिए। अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से टोल-फ्री नंबर 9966044425 पर मिस्ड कॉल दें। कॉल अपने आप कट जाएगा और कुछ ही सेकंड में आपके मोबाइल पर एक SMS प्राप्त होगा। इस SMS में आपके पीएफ खाते की कुल राशि और अन्य ज़रूरी जानकारी शामिल होगी। इस सेवा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें-
बिना लाइन में लगे, मोबाइल से खरीदें रेलवे प्लेटफॉर्म टिकट, जानिए कैसे?
SMS के माध्यम से पीएफ बैलेंस पता करें- EPFO द्वारा एक और सरल सुविधा दी गई है, जिससे आप SMS भेजकर भी अपने पीएफ बैलेंस की जानकारी ले सकते हैं। “SMS भेजने के लिए आपका मोबाइल नंबर PF खाते से लिंक होना चाहिए। अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ‘EPFOHO UAN’ (अंग्रेजी में) 7738299899 पर भेजें। इसके बाद आपके मोबाइल पर एक SMS आएगा, जिसमें आपके खाते की जानकारी जैसे बैलेंस और हाल की लेन-देन की डिटेल्स शामिल होंगी। यह सेवा 10 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है।














