उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के थाना कोतवाली के बड़ी रहजनिया के पास उस समय हड़कंप मच गया जब बजरंगदल के लोगों ने कन्वर्जन गिरोह का पर्दाफाश किया। बजरंग दल के जिला संयोजक प्रांशु सिंह समेत कई संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को फोन किया।
कन्वर्जन करा रहे दो व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। श्याम कुमार राजभर और रवि शंकर के खिलाफ
पुलिस ने उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बता दें कि 60-70 लोगों, जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे, को बहला-फुसलाकर और धन का लालच देकर अवैध कन्वर्जन कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकदमा संख्या 273/2025 दर्ज किया और दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी श्याम कुमार राजभर, निवासी नियामुपुर चकजीवन, और रवि शंकर, निवासी सलाहाबाद, दोनों थाना सरायलखंसी, मऊ के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर धर्मांतरण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की, जिसमें 20 पवित्र बाइबल, 45 सबसे महाउपहार पुस्तकें, धार्मिक गीत-भजन की डायरी-कॉपी, प्रार्थना के वाद्य यंत्र जैसे झांझ, डोल, खंजड़ी, पंखे और अन्य धार्मिक सामग्री शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भोले-भाले ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों को लालच और प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का काम करते थे।
मऊ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में अवैध धर्मांतरण की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कृत्यों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

















