हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक और प्राकृतिक आपदा ने दस्तक दी है। लगघाटी के बाद अब कुल्लू की पीज पहाड़ियों में देर रात बादल फटने की घटना सामने आई है। इससे क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
शास्त्री नगर में अचानक आई बाढ़- रात करीब 2 बजे के आसपास पीज की पहाड़ियों पर बादल फटा, जिससे कुल्लू से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित शास्त्री नगर नाले में अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव की आवाज सुनकर आस-पास के लोग जाग गए और देखा कि नाले का जलस्तर बहुत अधिक बढ़ चुका है। इस बाढ़ में तीन कारें और दो बाइकें बह गईं। इसके साथ ही नाले से निकला मलबा गांधी नगर की ओर फैल गया, जिससे कुछ दुकानों में मिट्टी और मलबा भर गया। कई घरों में भी पानी और कचरा घुसने की सूचना है। लगातार बारिश और बादल फटने की वजह से कई मुख्य सड़कों पर मलबा आ गया है। इससे कुल्लू–मनाली हाइवे फिर से अवरुद्ध हो गया है। टकोली और पंडोह के बीच सैकड़ों वाहन जाम में फंसे हुए हैं।
इसके अलावा कुल्लू–मंडी मार्ग (कांडी कटोला रूट) भी रोपा और भिंडी बाई के पास बंद हो गया है। ओट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 को केवल छोटे वाहनों के लिए खोला गया है। आनी–जलोड़ी मार्ग पूरी तरह से बंद है। वैकल्पिक मार्गों की स्थिति भी ठीक नहीं है। कंडुघाड़ के पास वैकल्पिक रास्ता मलबे से बाधित हो गया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सड़क की स्थिति जानने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी है।
स्कूलों में अवकाश घोषित- हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने मनाली और बंजार उपमंडल के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत कार्यों के लिए टीमें तैनात की गई हैं। सुबह होते ही नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बादल फटने की घटना चिकनई गांव के पास पहाड़ी पर हुई है। इसके कारण नाले में अचानक बाढ़ आ गई और मलबा सड़क तक पहुंच गया। उन्होंने बताया कि कई लोग नालों में मिट्टी, कूड़ा-कचरा और निर्माण सामग्री फेंकते हैं, जिससे नाले ब्लॉक हो जाते हैं। इसी वजह से पानी को बहने का रास्ता नहीं मिलता और बारिश के समय बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नालों को साफ रखें और मलबा न फेंकें।
प्रशासन की अपील- जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और खराब मौसम में घर से बाहर निकलने से बचें। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी हैं। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने कहा है कि लोग स्थानीय अधिकारियों से संपर्क बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत सूचना दें।

















