पंजाब में आतंकवाद व नशीले आतंकवाद के खिलाफ पुलिस को उस समय भारी सफलता हाथ लगी जब जालंधर पुलिस ने दो बब्बर खालसा इंटरनैशनल के आतंकियों को हथगोले समेत गिरफ्तार किया। दूसरी ओर अमृतसर पुलिस ने नशा तस्करों को हेरोइन व हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
बब्बर खालसा इंटरनैशनल मॉड्यूल का पर्दाफाश
ज्ञात रहे कि पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने कुछ दिन पहले आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के दो गुर्गों रितिक नरोलिया और राजस्थान से एक किशोर को गिरफ्तार किया और उनसे एक 86पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया था। गिरफ्तार आरोपियों के खुलासे के बाद उनकी निशानदेही पर एक अन्य आतंकी विश्वजीत को कोलकाता से उस समय गिरफ्तार किया जब वह मलेशिया भागने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने एक अन्य आतंकी जैक्सन को नकोदर से गिरफ्तार किया गया है और उनसे उक्त हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। बताया जाता है कि गिरफ्तार हुए सभी आरोपी कनाडा स्थित बीकेआई के सरगना जीशान अख्तर और अजय गिल के निर्देशों पर काम कर रहे थे। आरोपी विश्वजीत और जैक्सन ने इस साल जुलाई के आखिरी हफ्ते में अपने साथियों के जरिये ब्यास से दो हैंड ग्रेनेड प्राप्त किए थे, जिनमें से एक ग्रेनेड को इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों ने 10 दिन पहले एसबीएस नगर में एक शराब की दुकान में विस्फोट कर दिया था।
एफआईआर दर्ज और कानूनी कार्रवाई
काउंटर इंटेलिजेंस के अतिरिक्त महानिदेशक नवजोत माहल ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 324(5), 61(2) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत थाना सिटी नवांशहर में एफआईआर दर्ज की गई है।
नशा और हथियार तस्करी पर कड़ी कार्रवाई
दूसरी ओर पाकिस्तान समर्थित नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ लगातार सख़्त कार्रवाई करते हुए सीमा सुरक्षा बल ने अमृतसर और तरनतारन सीमावर्ती इलाकों में चार तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हेरोइन, हथियार, गोलियां, बाइक और एक ड्रोन बरामद किया है।
बीएसएफ की कार्रवाई : हेरोइन और हथियार बरामद
अमृतसर के बच्चीविंड गांव के नजदीक सोमवार शाम बीएसएफ जवानों ने एक तस्कर को काबू किया। उसके पास से 560 ग्राम हेरोइन का पैकेट, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फ़ोन बरामद हुए। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है। अमृतसर के बागडिय़ा गांव से बीएसएफ ने एक ड्रोन बरामद किया। यह डीजेआई मैविक 3 क्लासिक ड्रोन था, जिसमें एक पिस्तौल, दो मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस लोड थे।
संयुक्त ऑपरेशन और बड़ी बरामदगी
अमृतसर-जालंधर हाईवे पर बीएसएफ की निगरानी और गुप्त सूचना पर दो तस्करों को दबोचा गया। उनके पास से एक पिस्तौल और 11 जिंदा कारतूस मिले। दोनों तस्कर अमृतसर के तिमोवाल और तरनतारन के सरली कला गांव के रहने वाले हैं। अमृतसर के बगडिय़ा गांव में बीएसएफ और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक और तस्कर गिरफ्तार हुआ। उसके कब्जे से 1.225 किलो हेरोइन, दो मोबाइल फ़ोन और एक बाइक जब्त की गई। आरोपी को एएनटीएफ, अमृतसर के हवाले कर दिया गया है।
















