उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उपनिरीक्षक (Sub-Inspector) और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती प्रक्रिया 12 अगस्त 2025 से शुरू हो चुकी है और आवेदन की आखिरी तारीख 11 सितंबर 2025 रखी गई है। इसमें कुल 4543 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती की जाएगी। उम्मीदवारों के कई सवालों के जवाब में बोर्ड ने साफ और सीधी जानकारी दी है। विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों द्वारा जाति प्रमाणपत्र को लेकर पूछे गए प्रश्नों का उत्तर साफ तौर पर दिया गया है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाणपत्र का नियम- बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि महिला अभ्यर्थियों को पिता के पक्ष से जारी जाति प्रमाणपत्र ही मान्य होगा। महिला की जाति का निर्धारण उसके पिता की जाति के अनुसार किया जाता है। इस विषय में शासनादेश पहले ही जारी हो चुका है। अतः यदि कोई महिला अभ्यर्थी आरक्षण का लाभ लेना चाहती है, तो उसे पिता के नाम से जारी वैध जाति प्रमाणपत्र ही अपलोड करना होगा। पति के नाम पर बना प्रमाणपत्र मान्य नहीं होगा।
यह भी पढ़ें-
अंकतालिका और प्रमाणपत्र से जुड़ी जानकारी- हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मार्कशीट अपलोड करना जरूरी है। लेकिन अगर किसी के पास ऐसा एक ही दस्तावेज है जिसमें मार्कशीट और सर्टिफिकेट दोनों शामिल हैं, तो वही एक दस्तावेज़ दोनों जगह अपलोड कर सकते हैं। भर्ती के लिए स्नातक की डिग्री अनिवार्य है। सभी अभ्यर्थियों को स्नातक की डिग्री या फिर प्रोविजनल डिग्री (औपबंधिक प्रमाणपत्र) आवेदन के समय अपलोड करनी होगी। इसके अलावा जब दस्तावेजों की जांच (स्क्रूटनी) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) होगा, उस समय मूल स्नातक डिग्री का प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों की सूची- भर्ती प्रक्रिया में सफलतापूर्वक आवेदन करने के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों को पहले से तैयार रखना जरूरी है- आधार कार्ड, हाईस्कूल (10वीं) की अंकतालिका और प्रमाणपत्र, इंटरमीडिएट (12वीं) की अंकतालिका और प्रमाणपत्र, स्नातक (Graduation) की सभी मार्कशीट्स और डिग्री/प्रोविजनल डिग्री, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर की स्कैन की गई प्रति, जाति प्रमाण पत्र (यदि आप SC/ST/OBC/EWS वर्ग से हैं) – केवल पिता के नाम से, मूल निवास प्रमाण पत्र – केवल उत्तर प्रदेश के निवासियों के लिए आवश्यक, भूतपूर्व सैनिक प्रमाणपत्र यदि लागू हो। यदि आप आरक्षित वर्ग से आते हैं, तो यह ध्यान देना जरूरी है कि आपके जाति और आय प्रमाणपत्र नवीनतम और वैध तिथि के भीतर जारी किए गए हों। कई बार अभ्यर्थी पुराने या अधूरे प्रमाणपत्र लगाते हैं, जिससे उनका आवेदन रद्द हो सकता है। इसलिए सभी दस्तावेज सही प्रारूप में और समय रहते बनवा लेना बेहद जरूरी है।

















