लुधियाना। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लुधियाना में आम आदमी पार्टी (AAP) के एक कार्यक्रम में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानी परिवारों के आश्रितों को बुला तो लिया गया, लेकिन उनके लिए न तो बैठने की पर्याप्त कुर्सियां थीं और न ही पीने का पानी। इस अव्यवस्था से नाराज होकर आश्रितों ने आप सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें दिए गए सम्मान चिन्ह भी गुस्से में फेंक दिए।
समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को इस दौरान भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि उन्होंने हाथ जोड़कर माफी मांगी और व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
क्या हुई थी अव्यवस्था?
स्वतंत्रता सेनानी आश्रित संघ, पंजाब के जिला अध्यक्ष चेतनदीप सिंह ने बताया कि प्रशासन ने उन्हें बेहतर व्यवस्था का आश्वासन दिया था, लेकिन समारोह में बैठने की कुर्सियां कम थीं और टेंट भी छोटा था, जिससे लोग धूप में परेशान होते रहे। सुबह 8 बजे से मौजूद लोगों के लिए पानी और खाने की भी उचित व्यवस्था नहीं थी। हालात इतने बिगड़े कि जिन्हें सम्मान चिन्ह मिले, उन्होंने भी उन्हें फेंक दिया। इस बदइंतजामी की चौतरफा निंदा की जा रही है।
















