पंजाब यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव के नतीजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मैदान मारा है। पीयू छात्र संघ के प्रधान (अध्यक्ष) पद पर एबीवीपी के अंकित विधान ने जीत हासिल की है। दूसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी से स्टूडेंट विंग और तीसरे नंबर पर कांग्रेस की एनएसयूआई रही।
पंजाब में विधानसभा चुनाव से अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित हैं। इससे पहले पंजाब यूनिवर्सिटी में एबीवीपी की जीत हुई है। यह जीत भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि युवाओं का रुझान राष्ट्रवाद की ओर दिखा। बता दें कि, पिछली बार एबीवीपी को अकाली दल का समर्थन नहीं मिला था जबकि इस बार अकाली स्टूडेंट विंग स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया ने चुनाव का समर्थन दिया। पीयू के 8 कालेजों में से 4 के नतीजे आज घोषित हुए हैं।
कौन है अंकित बिधान
अंकित बिधान हरियाणा के जींद जिले के गांव पेगा के रहने वाले हैं। वह वर्ष 2021 से एबीवीपी से जुड़े हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग से कानून की पढ़ाई की और वर्तमान में विश्वविद्यालय में शोधार्थी हैं। अंकित ने प्रतिद्वंद्वी एएसएपी के आदिल को 513 वोटों के अंतर से हराकर प्रधान पद पर कब्जा किया।

चार उम्मीदवार थे मैदान में
इस बार पंजाब यूनिवर्सिटी में 4 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें एबीवीपी के अंकित बिधान, एएसएपी के आदिल बरार, एनएसयूआई के गुरमन सिंह सिद्धू और एसएटीएच के दर्शप्रीत सिंह शामिल थे। चुनाव प्रचार के दौरान अंकित बिधान को एसओआई , एचआईएमएसए और आईएसए समेत विभिन्न छात्र संगठनों का समर्थन भी मिला। एसओआई ने चुनाव से ठीक पहले एबीवीपी उम्मीदवार अंकित को समर्थन देने का ऐलान किया था। अंकित को कुल 2879 वोट मिले।
अंकित ने जेन जी की जीत बताया
अंकित बिधान ने इसे सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि पूरे जेन-जी की जीत बताया। उन्होंने कहा कि आज की जीत ने साबित कर दिया है कि जेन-जी के दिल में एबीवीपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विश्वास है। अंकित ने कहा कि छात्रों ने उन पर भरोसा जताया है और अब उनकी प्राथमिकता छात्रों की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए काम करना है। उन्होंने अपनी जीत के लिए छात्रों और समर्थकों का धन्यवाद भी किया। अंकित के इस बयान से साफ है कि एबीवीपी इस जीत को छात्र राजनीति के साथ-साथ व्यापक राजनीतिक संदेश के रूप में भी देख रही है।
लगातार दूसरी बार पीयू में अध्यक्ष बना एबीवीपी प्रत्याशी
बीते साल हुए छात्र संघ चुनाव में भी एबीवीपी प्रत्याशी गौरव वीर सोहल ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीता था। यह पीयू में एबीवीपी की पहली जीत थी। गौरव को 3148 वोट मिले थे। उन्होंने स्टूडेंट फ्रंट के सुमित शर्मा को 488 वोटों के अंतर से हराया था। लगातार दूसरी बार जीत हासिल करने के बाद एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
















