कारवार। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कर्नाटक के कारवार से कांग्रेस विधायक सतीश कृष्ण सैल के आवास पर छापा मारा है। 24 से अधिक ईडी अधिकारियों की एक टीम ने उनके घर पर दस्तावेजों की जांच की। विधायक और उनका परिवार फिलहाल बेंगलुरु में है, क्योंकि विधानसभा सत्र चल रहा है।
क्या है मामला?
यह कार्रवाई अवैध अयस्क तस्करी से जुड़े एक पुराने मामले से संबंधित है, जिसमें विधायक सतीश सैल को पहले दोषी ठहराया जा चुका है। विधायक सैल को मल्लिकार्जुन शिपिंग कंपनी के माध्यम से बेलेकेरी बंदरगाह से विदेशों में अवैध रूप से अयस्क तस्करी करने के आरोप में दोषी पाया गया था।
कोर्ट का फैसला: सेवानिवृत्त लोकायुक्त न्यायमूर्ति संतोष हेगड़े की शिकायत के आधार पर, जनप्रतिनिधियों की विशेष अदालत ने पिछले साल अक्टूबर में सतीश सैल को सात साल की जेल और 44 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था।
अपील और जमानत: विधायक ने इस फैसले को कर्नाटक उच्च न्यायालय में चुनौती दी, जिसके बाद अदालत ने उनकी सजा को निलंबित कर दिया। उन्हें जमानत भी दी गई, लेकिन जुर्माने की राशि का 25% जमा करने का निर्देश दिया गया था। यह ईडी का छापा उसी मामले की जांच के सिलसिले में माना जा रहा है। (इनपुट – हिंदुस्थान समाचार)

















