भारत ने अमेरिका की धरती से परमाणु युद्ध की धमकी वाले पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के जमकर लताड़ा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोमवार (11 अगस्त) को मुनीर को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “हमारा ध्यान पाकिस्तानी सेना प्रमुख की ओर से अमेरिका की यात्रा के दौरान की गई टिप्पणियों पर गया। परमाणु हथियारों की धमकी देना पाकिस्तान की पुरानी रणनीति है। ऐसी टिप्पणियों से गैर जिम्मेदाराना रवैया का पता चलता है। मुनीर का बयान उस देश में परमाणु कमान और नियंत्रण की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हैं, जहां सेना आतंकवादी समूहों के साथ मिली हुई है और दोनों मिलकर काम करते हैं।”
प्रवक्ता ने खेद जताते हुए आगे कहा ये टिप्पणियां एक मित्र देश की धरती से की गई हैं। भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह परमाणु ब्लैकमेलिंग के आगे नहीं झुकेगा। हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाते रहेंगे।
‘पाकिस्तान परमाणु हथियारों के मामले में एक गैर-जिम्मेदार देश’
इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में सरकार के सूत्रों के हवाले से कहा गया कि पाकिस्तान परमाणु हथियारों के मामले में एक गैर-जिम्मेदार देश है। पाकिस्तान में परमाणु हथियारों के गैर-सरकारी तत्वों के हाथों में पड़ने का वास्तविक खतरा है। पाकिस्तानी सेना प्रमुख का बयान एक खास पैटर्न का हिस्सा है। जब भी अमेरिका पाकिस्तानी सेना का समर्थन करता है वे हमेशा अपना असली रंग दिखाते हैं। यह बताता है कि पाकिस्तान में लोकतंत्र नहीं है, वहां की सेना ही देश को नियंत्रण करती है।”
इसे भी पढ़ें: छद्म सेक्युलरों का मुगल प्रेम: भारत की समृद्ध विरासत पर हमला
पाकिस्तान में हो सकता है तख्तापलट
एक अन्य सूत्र के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि अमेरिका के स्वागत और सम्मान से उत्साह का माहौल है। ऐसे में अगला कदम संभवतः पाकिस्तान में तख्तापलट हो सकता है, ताकि सेना प्रमुख असीम मुनीर राष्ट्रपति बन जाएं।
बता दें कि अमेरिका के दौरे पर गए मुनीर ने फ्लोरिडा के टैम्पा में एक कार्यक्रम के दौरान भारत को गीदड़भभकी देते हुए कहा था कि अगर भारत ने सिंधु नदी का पानी रोकने के लिए बांध बनाया तो हमारे पास मिसाइलों की कमी नहीं है। हम 10 मिसाइल मारकर बांध को तबाह कर देंगे। सिंधु नदी भारत की निजी संपत्ति नहीं है। भारत खुद को विश्वगुरु के रूप में पेश करना चाहता है, लेकिन वास्तविकता में ऐसा कुछ भी नहीं है। दो माह के भीतर दूसरी बार अमेरिका पहुंचे मुनीर ने भारत के खिलाफ जमकर जहर उगला। उन्होंने धमकी देते हुए कहा, “‘अगर भविष्य में भारत के साथ युद्ध में उनके देश के अस्तित्व को खतरा हुआ तो वो इस पूरे क्षेत्र को परमाणु युद्ध में झोंक देंगे। पाकिस्तान परमाणु हथियारों से लैस देश है। अगर हमें लगा कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे।”

















