हल्द्वानी : संवेदनशील दृष्टि से महत्वपूर्ण बनभूलपुरा क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ बाहरी लोगों का सत्यापन अभियान शुरू किया गया। कुमाऊं आई जी रिद्धिम अग्रवाल और नैनीताल जिले के एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सत्यापन अभियान सुबह होते शुरू किया। इस वैरिफिकेशन ड्राइव में पुलिस, पीएसी, आईआरबी, राजस्व, विद्युत, जल संस्थान और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। तीन सौ से अधिक सुरक्षा बल के सिपाहियों ने पहले पूरा इलाका सील किया और फिर घर घर जाकर सत्यापन किया।
1100 लोगों का हुआ वेरिफिकेशन
एसएसपी प्रह्लाद मीणा के मुताबिक, इस सत्यापन अभियान को तीन सेक्टरों में बांटा गया और इसमें करीब 1100 लोगों का सत्यापन किया गया।
1400 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। किरायेदार सत्यापन न कराने पर 6 मकान मालिकों पर कार्रवाई, जिनमें से 3 पर ₹15,000 का जुर्माना और 3 के कोर्ट चालान हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत 27 लोगों से ₹6,750 का जुर्माना वसूला गया। कुल मिलाकर 33 चालानों से ₹21,750 का संयोजन शुल्क वसूला गया। साथ ही एक वाहन को एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया। पुलिस ने मकान मालिकों को किरायेदारों का जल्द सत्यापन कराने की सख्त हिदायत दी और आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सत्यापन अभियान हल्द्वानी एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र, नितिन लोहनी सीओ हल्द्वानी, दीपशिखा अग्रवाल सीओ लालकुँआ और सुमित पाण्डे सीओ रामनगर ने पुलिस टीमों को वेरिफिकेशन ड्राइव को लीड किया। एसएसपी ने बताया कि सत्यापन अभियान का मुख्य उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में छिप कर रहने वाले आपराधिक प्रवृति के लोगों की तलाश व पहचान करना है।

















