हाल ही में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सेना द्वारा दो बड़े अभियान चलाए गए, ऑपरेशन महादेव (0peration Mahadev) और ऑपरेशन शिवशक्ति (Operation Shivshakti)। इन अभियानों के तहत भारतीय सेना ने कई आतंकवादियों को मार गिराया और उनकी घुसपैठ की कोशिशों को विफल कर दिया।
ऑपरेशन महादेव- रविवार को सेना ने श्रीनगर के दाचीगाम के मूलनार इलाके में “ऑपरेशन महादेव” शुरू किया। यह अभियान उन आतंकवादियों को पकड़ने और मारने के लिए चलाया गया, जो हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले की साजिश में शामिल थे। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया। इनकी पहचान सुलेमान शाह (जिसे सुलेमानी या हाशिम मूसा भी कहा जाता था), जिबरान और अबू हमजा अफगानी के रूप में हुई। सुलेमान इस हमले का मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) था। सेना ने यह अभियान दो दिन तक चलाया और सोमवार देर शाम इसे सफलतापूर्वक समाप्त किया। इस कार्रवाई ने घाटी में आतंकवाद की कमर तोड़ने का एक बड़ा संदेश दिया है।
ऑपरेशन शिवशक्ति- ऑपरेशन महादेव के कुछ ही दिन बाद बुधवार को पुंछ जिले के कसलीयां क्षेत्र में सेना ने एक और ऑपरेशन शुरू किया, जिसे ऑपरेशन शिवशक्ति नाम दिया गया। यह अभियान नियंत्रण रेखा (LoC) के पास चलाया गया, जहाँ दो आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। सतर्क सैनिकों ने मंगलवार देर रात देगवार सेक्टर के मालदीवलन क्षेत्र में संदिग्ध हलचल देखी। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें दोनों आतंकी मारे गए। इस ऑपरेशन में तीन हथियार भी बरामद किए गए हैं। आतंकियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है लेकिन यह स्पष्ट है कि वे सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।
यह भी पढ़ें-
Operation Mahadev: पहलगाम के आतंकियों का ‘काल’ बना यह चीनी डिवाइस, लश्कर के 3 आतंकी ढेर
सेना की सटीक और तेज कार्रवाई- सेना की व्हाइट नाइट कोर ने इस अभियान की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर दी। उन्होंने बताया कि सेना के जवानों ने बेहद सतर्कता के साथ आतंकियों की हरकत को समय रहते पहचान लिया और उन्हें रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई की। सेना ने बताया कि इस अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस और खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी ने अहम भूमिका निभाई। सेना की सटीक गोलाबारी और रणनीतिक कौशल के कारण आतंकियों के मंसूबे नाकाम हो गए। हाल के दिनों में सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों में बढ़ोतरी देखी गई है। सेना लगातार हाई अलर्ट पर है और हर छोटी-बड़ी हलचल पर नजर रखे हुए है। सेना का कहना है कि आतंकियों की घुसपैठ की हर कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और भारत की सीमाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

















