उत्तराखंड ब्यूरों । उधम सिंह नगर, नेपाल बॉर्डर से लगे कस्बे खटीमा में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से 26.23 करोड़ की लागत से इसका निर्माण हुआ है। लोकार्पण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सभी के लिए हर्ष और गौरव के क्षण हैं।
प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री को आभार
मुख्यमंत्री ने खटीमा को केंद्रीय विद्यालय की सौगात देने के सभी खटीमा वासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा केंद्रीय विद्यालय की शिक्षा हमारी सेना, अर्धसैनिक बलों तथा उन तमाम कार्मिकों के बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
खटीमा के छात्रों के लिए बड़ा अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा यदि उनके छात्र जीवन के दौरान खटीमा में केंद्रीय विद्यालय होता, तो वे स्वयं भी केंद्रीय विद्यालय के छात्र होते। उन्होंने कहा खटीमा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2020 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। इसमें रोजगारपरक शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और शोध व अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड इस नीति को लागू करने वाला देश का पहला राज्य है।
खटीमा में विकास की नई इबारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनका घर है और वहां के निवासी उनके परिवार के सदस्य। उन्होंने बताया कि खटीमा में हाईटेक बस स्टैंड, आधुनिक आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का नया अस्पताल परिसर और राष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक खेल स्टेडियम बनाया गया है। साथ ही गदरपुर और खटीमा बाईपास, नौसर में पुल और क्षेत्र में सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है।
उच्च शिक्षा और जनजातीय विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा राजकीय महाविद्यालय में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू की गई हैं। जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय का संचालन भी प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एसडीजी इंडेक्स रिपोर्ट में सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है।
घृणित मानसिकताओं और पाखंडियों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त दंगारोधी और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। 6,500 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। 200 से अधिक अवैध मदरसों को सील किया गया और 500 से अधिक अवैध संरचनाएं हटाई गईं। उन्होंने बताया कि “ऑपरेशन कालनेमि” के माध्यम से सनातन धर्म को बदनाम करने वाले पाखंडियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार रूपी दीमक को खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। पिछले तीन वर्षों में आईएएस, पीसीएस सहित करीब 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प पर लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
इस दौरान कार्यक्रम में मेयर रुद्रपुर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, एवं शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

















