महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार (5 जुलाई) को बिजनेसमैन सुशील केडिया के एक्स पर किए गए पोस्ट ‘मराठी नहीं सीखूंगा’ को लेकर उनके मुंबई स्थित ऑफिस में तोड़फोड़ की। सुशील केडिया ने ऑफिस में तोड़फोड़ की घटना के बाद एक्स पर वीडियो जारी का माफी मांगी है। उन्होंने कहा, “जिस तरह की स्थिति बनी थी, उसकी वजह से मानसिक तनाव में था। मेरी पोस्ट का गलत अर्थ निकाला गया। मराठी को लेकर जो मैंने कहा उसे गलत तरीके से लिया गया, जबकि मैं यह कहना चाह रहा था कि मुंबई में 30 साल रहने के बाद भी मैं इस भाषा में पारंगत नहीं हो पाया हूं।”
‘देवेंद्र फडणवीस हारे हुए लोगों पर लगाम लगाएं’
दरअसल, सुशील केडिया ने मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा मराठी न बोलने पर दुकानदारों और गरीब लोगों पर हमला करने का विरोध जताते हुए कहा था कि वह मराठी नहीं सीखेंगे। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैक टू बैक कई पोस्ट भी किए। उन्होंने कहा कि जब शिवाजी महाराज ने पूरे भारत पर मराठा साम्राज्य की स्थापना की थी, तब उन्होंने मराठी भाषा किसी पर नहीं थोपी थी। वहीं जिनका महाराष्ट्र में कोई स्थान नहीं है, वे भी इसे जबरदस्ती लोगों पर थोपना चाहते हैं। देवेंद्र फडणवीस जी ऐसे हारे हुए लोगों पर लगाम लगनी चाहिए।
I request @RajThackeray Ji to consider my humble submission. pic.twitter.com/i8zGszgNtW
— Sushil Kedia (@sushilkedia) July 5, 2025
‘मुंबई पुलिस से सुरक्षा की मांग’
इसके बाद केडिया ने मनसे से कई धमकियां मिलने के बाद शुक्रवार (4 जुलाई) को मुंबई पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुंबई पुलिस को टैग करते हुए एक्स पर लिखा था, “राज ठाकरे के कार्यकर्ताओं द्वारा मुझे धमकियां दी जा रही हैं। मुझे सुरक्षा प्रदान करें। क्या आज महाराष्ट्र में किसी भारतीय को सम्मान और सुरक्षा का कोई अधिकार है? अमित शाह जी को भी इस पर विचार करना चाहिए।”
इसे भी पढ़ें: भाषायी विवादों के पीछे विभाजनकारी षड्यंत्र
इससे पहले उन्होंने गुरुवार (3 जुलाई) को एक्स पर लिखा था, “ध्यान दें, राज ठाकरे। मुंबई में 30 साल रहने के बाद भी मैं मराठी ठीक से नहीं जानता और आपके गलत व्यवहार के कारण मैंने यह संकल्प लिया है कि जब तक आप जैसे लोगों को मराठी मानुष की देखभाल करने की अनुमति नहीं दी जाती, मैं प्रण लेता हूं कि तब तक मराठी नहीं सीखूंगा। क्या करना है बोल?”
‘मराठी के नाम पर गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई’
बता दें कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भाषा के नाम पर लोगों के साथ गुंडागर्दी और मारपीट करने के कई मामले सामने आने के बाद शुक्रवार (4 जुलाई) को मीडिया से बातचीत में कहा था, “मराठी के नाम पर किसी के साथ मारपीट और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए आगे यह भी कहा था, “हमें अपनी मराठी पर अभिमान है, लेकिन भारत की किसी भी भाषा के साथ इस प्रकार से अन्याय नहीं होने देंगी। जो लोग अंग्रेजी को गले लगाते हैं और हिंदी के ऊपर विवाद करते हैं उन पर आश्चर्य होता है। ये कौन सा विचार है। इसलिए अब जो लोग कानून अपने हाथ में लेंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

















