आजकल स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। फोन से हम न केवल कॉल करते हैं, बल्कि बैंकिंग, सोशल मीडिया, फोटो, वीडियो और बहुत सी निजी बातें भी इसमें सेव रखते हैं। ऐसे में अगर आपका फोन हैक हो जाए, तो यह बड़ी चिंता की बात हो सकती है। लेकिन घबराइए नहीं, इस लेख में हम आपको बताएंगे कि कैसे पहचानें कि आपका फोन हैक हुआ है या नहीं और साथ ही बचाव के आसान तरीके भी।
फोन हैक होने के संकेत
अगर आपका फोन अचानक बहुत धीमा चलने लगे, ऐप्स अपने आप खुलने या बंद होने लगें, तो यह एक संकेत हो सकता है कि कोई मैलवेयर या हैकर आपके फोन को कंट्रोल कर रहा है। अगर आपके फोन की बैटरी जल्दी खत्म हो रही है, तो हो सकता है कि उसमें कोई ऐसा ऐप या प्रोग्राम चुपचाप चल रहा हो, जो आपने खुद नहीं चलाया। अगर फोन में कोई ऐसा ऐप दिखे जिसे आपने डाउनलोड नहीं किया है तो यह फोन के हैक होने का संकेत हो सकता है। इसी तरह अगर आपका मोबाइल डेटा जल्दी खत्म हो रहा है, तो संभव है कि कोई छिपा हुआ ऐप या प्रोग्राम इंटरनेट के जरिए जानकारी बाहर भेज रहा हो। अगर आपके नंबर से अजीबोगरीब मैसेज भेजे जा रहे हैं या कॉल किए जा रहे हैं और आपको पता नहीं है तो यह भी हैकिंग का संकेत हो सकता है।
बचाव
अपने फोन और ऐप्स में मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें। पासवर्ड में अक्षर, नंबर और विशेष चिन्हों का मिश्रण करें। जहां भी संभव हो, दो-चरणीय सत्यापन चालू करें। इससे कोई भी आपके अकाउंट तक आसानी से नहीं पहुंच पाएगा। स्मार्टफोन के लिए अच्छे एंटीवायरस ऐप डाउनलोड करें और समय-समय पर स्कैन करें। कभी भी किसी अंजान लिंक पर क्लिक न करें और केवल Google Play Store या Apple App Store से ही ऐप डाउनलोड करें। फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स हमेशा अपडेट रखें। इससे सुरक्षा की खामियां ठीक होती हैं।
यह भी पढ़ें-
फोन हैक हो गया हो तो क्या करें?
अगर आपके फोन में कोई गड़बड़ी हो या आपको लगे कि कोई आपकी जानकारी चुरा रहा है, तो ये काम जरूर करें- सबसे पहले इंटरनेट बंद कर दें। जो ऐप्स जरूरत के नहीं हैं, उन्हें हटा दें। अगर बहुत ज़्यादा दिक्कत हो रही है, तो फोन को रीसेट करें लेकिन ऐसा करने से पहले जरूरी फोटो, नंबर और बाकी डेटा का बैकअप ले लें। अपने सभी पासवर्ड बदल दें – जैसे Google अकाउंट, बैंक ऐप्स वगैरह के। साइबर क्राइम सेल में जाकर शिकायत जरूर करें। फोन का हैक होना कोई असामान्य बात नहीं है, लेकिन सावधानी बरतकर हम इससे बच सकते हैं। अगर आपको लगता है कि कुछ गड़बड़ है तो तुरंत कदम उठाएं।












