मिर्जापुर / वाराणसी । उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का चुनार किला पर्यटन के क्षेत्र में जल्द ही सभी को अपने ओर आकर्षित करेगा। सरकार पीपीपी मॉडल पर 150 करोड़ की लागत से पूर्वांचल का पहला हेरिटेज होटल विकसित करने जा रही है। ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के साथ पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने की ओर एक सराहनीय कदम होगा। काशी यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों को चुनार किला हेरिटेज होटल के रूप में खूब पसंद आएगा।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक राजेंद्र रावत ने बताया कि एमआरएस कंपनी देश में कई हेरिटेज होटलों का संचालन करती आ रही है। कंपनी चुनार के किले की प्राचीनता के मूल स्वरूप को संजोते हुए पुननिर्माण का कार्य करेगी। हेरिटेज होटल में करीब 100 कमरे होंगे। सरकार जल्द ही किले को रिस्टोर और संचालन करने वाली कंपनी को हैंडओवर करेगी।
पूर्वांचल का पहला हेरिटेज होटल लगभग दो वर्षों में बनकर तैयार होगा। काशी या प्रयागराज की ओर से लोग पर्यटक गंगा यात्रा के जरिए भी होटल तक पहुंच सकेंगे। क्रूज से यात्रा कर रहे पर्यटक इसका आनंद आसानी से उठा सकेंगे। लग्जरी वेडिंग टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी। गंगा किनारे हेरिटेज होटल विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनेगा। काशी आने वाले पर्यटक हेरिटेज होटल के प्रति खूब आकर्षित होंगे।











