चंडीगढ़ । पंजाब की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी की सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत पर अश्लीलता से जुड़ा गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर उनकी कथित आपत्तिजनक तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने मंत्री को “हवस का पुजारी” तक कह डाला।
मजीठिया ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में लिखा, “आप सरकार के एक और मंत्री की घिनौनी हरकत उजागर हुई है। बहन-बेटियों की इज्जत से खेलने वाले डॉ. रवजोत को तत्काल मंत्रिमंडल से बाहर किया जाए। अगर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान में जरा भी नैतिकता शेष है, तो इस पर ठोस कदम उठाना होगा।” उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले से जुड़े वीडियो जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे।
यह घटनाक्रम ऐसे वक्त पर सामने आया है जब लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव बस एक दिन दूर है। इस उपचुनाव को आम आदमी पार्टी की साख से जोड़कर देखा जा रहा है, ऐसे में आरोपों का असर सियासी समीकरणों पर पड़ सकता है।
मंत्री डॉ. रवजोत की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पार्टी नेतृत्व से—चाहे वो अध्यक्ष अमन अरोड़ा हों या अन्य वरिष्ठ नेता—कोई भी आधिकारिक टिप्पणी देने को तैयार नहीं दिखा।
यह पहली बार नहीं है जब आम आदमी पार्टी के मंत्री किसी विवाद में घिरे हों। इससे पहले लाल चंद कटारूचक और बलकार सिंह पर भी इसी तरह के आरोप लगे थे।












