कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी द्वारा जी-7 समिट में भारतीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को न्योता दिए जाने के बाद वहां के खालिस्तानी तिलमिला गए हैं। गीदड़ भभकियों की वीडियो जारी कर खालिस्तान की दुकानदारी चलाने वाले खालिस्तानी आतंकी और सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने मोदी को कनाडा में घेरने की बात कही है। उसने वीडियो जारी कर कहा कि जी-7 समिट के मौके पर पीएम मोदी को घेरा जाएगा। पन्नू ने कहा कहा कि मोदी ने आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश दिया। इस पर उनसे जवाब मांगा जाएगा। आतंकी निज्जर की हत्या 18 जून 2023 को गोली मारकर की गई थी। शनिवार सुबह ही पन्नू का वीडियो सामने आया है। कनाडा ने अल्बर्टा प्रांत के कनानास्किस में 15 से 17 जून तक होने वाले जी-7 समिट में शामिल होने के लिए मोदी को न्योता भेजा है। इसके लिए कनाडा पीएम मार्क कार्नी ने पीएम मोदी को फोन किया। मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। इसके बाद पन्नू ने वीडियो जारी किया है।
वीडियो में पन्नू ने कहा कि कनाडा के पूर्व केंद्रीय बैंक प्रमुख और संभावित प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने खालिस्तान समर्थक सिखों को एक ऐतिहासिक अवसर प्रदान किया है। एक दुर्लभ मौका है, जिसमें वे जी-7 देशों और वैश्विक मीडिया के सामने सीधे नरेंद्र मोदी की राजनीति पर हमला कर सकते हैं।
उसने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी ने सरे गुरुद्वारा के अध्यक्ष और खालिस्तान जनमत संग्रह के संयोजक आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश जारी किया। उसने कहा कि मोदी को निज्जर की हत्या के साथ ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की मस्जिदों में हमले और ननकाना साहिब को बम से उड़ाने की नाकाम कोशिश के आरोप में जवाबदेही का सामना करना पड़ेगा। पन्नू ने आगे कहा कि भले ही कनाडा में हिंदुत्व समर्थक मोदी के जी-7 निमंत्रण का जश्न मना रहे हों, लेकिन यह जश्न ज्यादा देर नहीं टिकेगा।
















